- Hindi News
- National
- Sehore News Mp News Dirty Water Coming Into The Sacks Of Bhopal Naka Area For Two Years Solution Is Not Available Even On Complaint
दो साल से भोपाल नाका क्षेत्र के बोरों में आ रहा गंदा पानी, शिकायत पर भी नहीं हो रहा समाधान
वार्ड 7 में पिछले दो साल से बोरों में गंदे झाग वाले बदबूदार पानी की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद जैसे ही जमीन का जल स्तर नीचे जाता है झाग वाले बदबूदार पानी की समस्या शुरू हो जाती है। इसकी शिकायत दो महीने पहले की थी, लेकिन इसका समाधान नहीं हो सका है। इससे रहवासियों को अभी भी काफी समस्या हो रही है। क्षेत्र का जलस्तर गिरने से करीब 40 बोरों से अधिक जगहों पर गंदा पानी आ रहा है। इससे स्किन सहित अन्य बीमारियों का खतरा स्थानीय लोगों को सता रहा है।
बोरों में गंदे पानी की आने की समस्या से शहरवासी परेशान हैं। वार्ड क्रमांक 7 भोपाल नाका क्षेत्र में गंदा झाग वाला बदबूदार पानी आ रहा है। बोरों में गंदे पानी आने की समस्या पिछले दो सालों से जनवरी महीने में ही शुरू हुई है। क्षेत्र में वाटर लेवल कम हुआ है। इसका असर इस साल भी बोरों में दिखाई दे रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गई। उक्त शिकायतों की जांच के बाद भी जिम्मेदार अभी तक समस्या का समाधान नहीं कर पाए हैं, कि बोरों में सीवेज या नाले का पानी मिलकर पहुंच रहा है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लिए हैं सेंपल
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पिछले दिनों बोरों में गंदे झाग वाले बदबूदार पानी के सैंपल लिए थे। जिसकी जांच रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी कि बोरों में गंदा बदबूदार पानी सीवेज लाइन का है या फिर नाले से पानी बोरों में पहुंच रहा है। इस संबंध में नपा सीएमओ संदीप श्रीवास्तव का कहना है कि रिपोर्ट शुक्रवार को आ जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो साल में 7 बार बोरों के सैंपल लिए, जिसकी रिपोर्ट सही : पिछले दो साल में नगर पालिका व सीवेज कंपनी के माध्यम से करीब 7 बार भोपाल नाका क्षेत्र के बोरों से सेंपल लिए गए थे। इन सेंपलों की रिपोर्ट आई, लेकिन ये पॉजीटिव आई थी। हालांकि ये रिपोर्ट संबंधित बोर मालिकों को नहीं दी गई थी। इससे रहवासी परेशान हैं।
हाथ धोते ही चलने लगती है खुजली
भोपाल नाका निवासी मनोज कुशवाह, शुभम कुशवाह आदि ने बताया कि बोर में इस साल भी गंदे और बदबूदार झाग वाला पानी आ रहा है। इससे हाथ धुलने पर हाथाें में खुजली चलने लगती है। इसी तरह संजय शाक्य का कहना है कि बोर के पानी से इतनी बदबू आती है कि जिस जगह पर पानी गिरता है वहां से करीब 10 मिनट बदबू नहीं जाती। इसको लेकर कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
टैंकर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं लोग पर नपा नहीं कर रही सुनवाई
सीवेज बड़ी समस्या, टैंकर से ले रहे पानी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दो साल पहले सीवेज कंपनी ने चैंबरों का निर्माण किया था। जिन्हें कच्चा ही तैयार किया गया था। जिसका पानी बोरों में आ रहा है। इसको लेकर पिछले दो सालों में नपा, कलेक्टर और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। इसके चलते मजबूरी में टैंकरों से पानी लेकर पी रहे हैं।