पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sehore News Mp News Dumper And Heavy Vehicles Will Not Come Out In Front Of Salkanpur Devi Dham In Navratri Traffic Will Run On Two Lanes Only

नवरात्र में सलकनपुर देवी धाम के सामने से डंपर और भारी वाहन नहीं निकलेंगे, दो लेन पर ही चलेगा ट्रैफिक

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नवरात्र 25 मार्च से शुरू होंगे। इसी को लेकर जिला प्रशासन तैयारियांं शुरू कर दी हैं। खासकर इस बार सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान रख रहा है। गर्मी से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं ट्रैफिक प्लान बनाया जा रहा है, जिससे यहां जाम के हालात न बनें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम सीसी के वाहन मंदिर तक नहीं जा सकेंगे, उन्हें नीचे पार्किंग में ही खड़ा किया जाएगा। बिना एयर कंडिशनर के पावरफुल व्हीकल ही ऊपर मंदिर तक पहुंच पाएंगे। यही नहीं हादसे रोकने के लिए इस बार मंदिर के सामने से भारी वाहन डंपर और ट्रक भी नहीं निकलने दिए जाएंगे।

मंदिर के सामने 2 लेन ही चालू रहेंगी, जबकि एक लेन को बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही मंदिर पहुंचने के लिए सीढ़ियों पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं को ओआरएस के पैकेट दिए जाएंगे। धूप से बचाने के लिए टेंट भी लगाए जाएंगे। बुदनी तहसीलदार राकेश खजूरिया के अनुसार मार्च के अंतिम सप्ताह में नवरात्र रहेगी। इस समय तापमान ज्यादा होने का अनुमान है। धूप भी तेज रहेगी। इसलिए श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसमें सीढ़ियों पर डॉक्टर की टीम रहेगी। नीचे से ऊपर तक ओआरएस के पैकेट निशुल्क बांटे जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी की भी व्यवस्था रहेगी।

गर्मी से बचने इंतजाम : सीढ़ियों पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी, ओआरएस के पाउच भी रहेंगे उपलब्ध

मेले के दौरान यह भी होगा

{सात दिन पहले अशासकीय धर्मशालाओं का अधिग्रहण किया जाएगा, ताकि यहां श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था हो सके।

{मेले के दौरान मंदर पहुंचने के लिए वाहन मार्ग पर कंडम वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। ताकि हादसा होने की संभावना कम हो।

{दो एंबुलेंस और तीन मेडिकल टीम पूरे मेले के दौरान वहां तैनात रहेंगी, ताकि लोगों को तुरंत उपचार सुविधा मिल सके।

{दो मातृत्व कक्ष भी बनाए जाएंगे। ताकि मेले में आने वाली मां अपने बच्चों को स्तनपान करवा सकें।

{सीसीटीवी कैमरों कराकर पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की कोई अनहोनी न हो सके।

नर्मदा का जलस्तर ज्यादा होने से आंवली घाट पर होगी विशेष सुरक्षा

सलनुपर देवी धाम पर दर्शन करने से पहले लोग आंवली घाट पर भी स्नान के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र शुरु होने से एक दिन पहले अमावस्या पर भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। इस साल नर्मदा का जलस्तर अभी भी काफी अधिक है। ऐसे में कोई अनहोनी न हो इसलिए प्रशासन सुरक्षा के विशेष इंतजाम करेगा। यहां पूरे समय बोट रहेगी और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम भी पूरे समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहेगी। आंवली घाट पर भी पूर्व की तरह बैरीकेट, स्नान के लिए नल, विद्युत व्यवस्था आदि की जाएगी।

10 दिन डंपर रहेंगे बंद, जाम लगा तो स्कूली बसें पहले निकाली जाएंगी

सलकनपुर में भीड़ और वाहनों को देखते हुए इस बार पुलिस विशेष व्यवस्था कर रही है। जाम नहीं लगे और यदि जाम लगता भी है ताे ज्यादा देर नहीं रहे, इसे लेकर पूरा प्लान बनाया गया है। एसडीओपी अजय सेंगर ने बताया कि मंदिर के नीचे सड़क पर जाम नहीं लगे, इसके लिए वाहनों की दो लेन चालू रहेगी। वाहनों की तीसरी लाइन से ही जाम लगता है। यदि जाम भी लगता है तो सबसे पहले स्कूली बच्चों की बसों को निकाला जाएगा। पिछले साल स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हुई थी। डंपर और ट्रक बुधनी से सलकनपुर तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

मंदिर में छांव के लिए लगाएंगे टेंट, मंदिर परिसर में बिछाएंगे मैट

मंदिर में नीचे सीढ़ी के पास टेंट लगाए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य जगहों पर भी टेंट लगाकर छांव की व्यवस्था की जाएगी। ऊपर मंदिर परिसर में मैट भी बिछाई जाएगी, ताकि परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। बता दें कि इस बार गर्मी तेज पड़ने वाली है। ऐसे में 25 मार्च के आसपास दिन का तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहेगा। धूप में भी तेजी रहेगी। बादल होने पर जरूर थोड़ी राहत मिल सकती है।

यातायात व्यवस्था बनाने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करेंगे

-समीर यादव, एडि. एसपी सीहोर
खबरें और भी हैं...