- Hindi News
- National
- Ashta News Mp News Entry Will Be Made From The Previous Gate To Save Kannod Road From Jam Due To Bumper Arrival Of Rabi Season
रबी सीजन की बंपर आवक से कन्नौद रोड को जाम से बचाने पिछले गेट से कराई जाएगी इंट्री
इस साल गेहूं का बंपर उत्पादन होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसे देखते हुए कृषि उपज मंडी प्रबंधन ने भी रबी सीजन की आवक को लेकर व्यवस्थाएं बनाना शुरू कर दी है। वहीं आष्टा-कन्नौद रोड पर अधिक आवक से लगने वाले जाम को देखते हुए योजना बनाई है। क्योंकि वाहनों की कतारंे लगने से जाम की समस्या तो होती ही है, लेकिन यहां के दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके देखते हुए अब उपज के वाहनों को मंडी के पीछे खड़ा कराया जाएगा। साथ ही उनका प्रवेश भी पीछे वाले गेट से कराया जाएगा।
इस बार गेहूं के उत्पादन की अधिकता देखने को मिल रही है। अभी आष्टा-जावर तहसील के अधिकांश क्षेत्र में गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है, लेकिन आसपास के क्षेत्रों से उपज मंडी में बंपर आ रही है। पिछले दो दिनों से मंडी में 21 हजार क्विंटल तथा शनिवार को 16 हजार क्विंटल की आवक दर्ज हो चुकी है। हालांकि रबी सीजन की मसूर व चना जरूर किसानों ने काटकर मंडी में बेचना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में इस समय गेहूं की कटाई तेजी से चल रही है। जबकि बाद की बोवनी के गेहूं की फसल अभी भी खेतों में खड़ी हुई है। जिसकी कटाई में अभी एक सप्ताह लग सकता है। जरूरतमंद किसान उपज निकालने के बाद सीधे मंडी में उपज लेकर पहुंच रहे हैं। जबकि क्षेत्र के अधिकांश किसान अपनी उपज निकालने में ही लगे हैं, लेकिन उसके बाद भी रिकार्ड आवक हो रही है। जब पूरे क्षेत्र में कटाई का काम पूरा होगा तो आवक में रिकार्ड आवक होगी। वहीं मंडी प्रबंधन की माने तो सीजन में इस बार आवक 35 से 40 हजार क्विंटल तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए पिछले दिनों एसडीएम व मंडी प्रशासक अंजू अरूण कुमार ने मंडी सचिव योगेश नागले सहित मंडी व्यापारियों, हम्माल संघ, तुलावटी संघ के जिम्मेदारों के साथ बैठक भी की थी।
कन्नौद रोड को जाम से बचाने की कवायद: रबी व खरीफ सीजन में बंपर आवक होने पर कन्नौद रोड नेशनल हाईवे पर समस्या खड़ी हो जाती है। यहां पर वाहनों की कतारें तीन किमी तक पहुंच जाती हैं। इस कारण नगर के लोगों के साथ ही वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।
आज बंपर आवक की संभावना: सोमवार को कृषि मंडी में बंपर आवक की संभावना है। क्योंकि हर साल की तरह इस बार भी होली पर्व का परंपरागत अवकाश घोषित किया है। जिसके चलते 10 मार्च से लेकर 15 मार्च तक मंडी में अवकाश रहेगा।
कन्नौद रोड पर वाहन खड़े होने से जाम के साथ दुकानदारों को होती है परेशानी
इस समय कृषि उपज मंडी में उपज की आवक अधिक हो रही है।
मंडी के पीछे खड़े कराएंगे वाहन
मंडी प्रबंधन ने बैठक में निर्णय लिया था कि इस बार गेहूं के बंपर उत्पादन को देखते हुए कन्नौद रोड पर जाम नहीं लगे इसके लिए मंडी में उपज लेकर आने वाले वाहनों को मंडी के पीछे खड़ा कराया जाएगा। साथ ही पिछले गेट से ही मंडी में प्रवेश दिया जाएगा।
व्यवस्थाएं बनाई हैं
-योगेश नागले, सचिव, कृउमं।