- Hindi News
- National
- Ashta News Mp News In View Of The Rabi Season The Police Administration Will Have To Make Arrangements On The Ashta Kannod Highway
रबी सीजन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन को आष्टा-कन्नौद हाईवे पर बनाना होगी व्यवस्था
होली पर्व के पांच दिन के अवकाश के बाद सोमवार को कृषि उपज मंडी खुलने के बाद उपज की बंपर आवक देखने को मिलेगी। इसके पहले नगर के सबसे अधिक व्ययस्तम मार्ग कन्नौद-आष्टा हाईवे मार्ग की यातायात व्यवस्था पुलिस-प्रशासन को सुधारना होगी। अन्यथा आमजन को काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि इस बार गेहूं का बंपर उत्पादन होने से आवक में भी बढ़ोतरी होगी। हालांकि मंडी प्रबंधन ने पहले ही वाहनों को मंडी के पीछे खड़े करने की योजना बनाई है।
आष्टा-कन्नौद मार्ग नगर का व्यापारिक केंद्र है। यहां पर फर्टिलाइजर, किराना सहित मकान निर्माण सामग्री की अधिक दुकानें हैं। इसलिए यहां पर सबसे अधिक ट्रैफिक का दबाव रहता है। जबकि मंडी चालू रहने पर तो यहां से निकलना भी दूभर रहता है। वहीं अब रबी सीजन की आवक भी शुरू हो चुकी है। इस सीजन की पहली रिकार्ड 21 हजार क्विंटल पिछले दिनों दर्ज भी हो चुकी है। उसके बाद से होली पर्व का पांच दिन का अवकाश घोषित है। इसके चलते सोमवार से मंडी फिर से चालू होगी। सीजन शुरू होते ही यहां से निकलना मुश्किल होगा। वाहनों को क्रासिंग करने में दिक्कत उठानी पड़ती है। वहीं दोपहर एक व तीन बजे के समय इस मार्ग पर स्थित निजी स्कूलों की छुट्टी होने पर तो जाम लगना निश्चित रहता है। नगर के सजन मेवाड़ा, हरीश जैन, सुनील वर्मा का कहना है कि दुकानों के सामने ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े रहते हैं। जिससे कॉलोनी चौराहा पर तो सबसे अधिक परेशानी होती है। यहां पर जाम की समस्या बनी रहती है। उक्त मार्ग पर ही पुलिस-प्रशासन के कार्यालय हैं तथा आना-जाना भी लगा रहता है। इसके बाद भी इस तरह की अव्यवस्था को नजर अंदाज करते हुए निकल जाते हैं।
पांच दिनों के अवकाश के बाद हो सकती है मंडी में सोमवार से बंपर आवक
मंडी में फसल की बंपर आवक से आष्टा-कन्नौद हाईवे पर बनाना होगी व्यवस्था।
होली पर्व के अवकाश के बाद रिकार्ड आवक की उम्मीद
होली पर्व के अवकाश के बीच किसानों ने तेजी से अपनी फसल की कटाई शुरू कर दी थी। जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि पांच दिनों के अवकाश के बाद उपज की बंपर आवक दर्ज हो सकती है। इस साल गेहूं के अच्छे उत्पादन के कारण रिकार्ड आवक करीब 35 से 40 हजार क्विंटल तक दर्ज हो सकती है।
सीजन में लगेंगी वाहनों की कतारें
इसी मार्ग पर कृषि उपज मंडी है। यहां पर रबी के सीजन में हजारों क्विंटल की आवक होने पर उपज के वाहनों की लंबी कतारें भी इसी मार्ग पर लगती हैं।
समझाईश दी जाएगी
-अरूणा सिंह, टीआई।
लोडिंग का समय निर्धारित हो
लोगों का कहना है कि जो लोडिंग वाहन व्यापारियों की दुकानों के सामने माल खाली करने लगे रहते हैं उनको हटवाया जाना चाहिए। जबकि पिछले साल तत्कालीन एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा ने लोड-अनलोड का समय निर्धारित भी किया था। जो कारगर साबित हुआ था।
150 से अधिक हैं बड़ी दुकानें
भोपाल नाके से लेकर कृषि उपज मंडी तक के तीन किमी के दायरे में करीब 150 दुकानें बड़े कारोबार की हैं। जहां पर सीजन के समय माल खाली करने के लिए ट्रक खड़े रहते हैं। इसके अलावा खरीदी के लिए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडिंग वाहन रहते हैं।