- Hindi News
- National
- Sehore News Mp News Mrityunjay Dubey Of Indore Used To Introduce Young Men And Women To Shailendra For Jobs
इंदौर का मृत्युंजय दुबे युवक-युवतियों को नौकरी के लिए शैलेंद्र से मिलवाता था
एडीपीओ शैलेंद्र सिसौदिया का खाता सीज, 12 तक रहेगा पुलिस रिमांड पर
सहायक जिला अभियोजन अधिकारी शैलेंद्र सिसौदिया की ठगी के जाल एक के बाद एक करके सामने आते जा रहे हैं। हालांकि शैलेंद्र और उसके भाई से भी पूछताछ के बाद कोई ठोस बातें सामने नहीं आई हैं, लेकिन पूछताछ में उसने इंदौर निवासी मृत्यंजय दुबे का नाम कबूल किया है। दुबे ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों को एडीपीओ शैलेंद्र से मिलवाया था। ऐसे में अब न्यायालय ने तीसरी बार आरोपी को पुलिस रिमांड पर दिया है। शैलेंद्र अब 12 मार्च तक की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस ने शैलेंद्र का भोपाल की ब्रांच स्थित आईसीआईसीआई बैंक खाता सीज कर दिया है। पुलिस अब मृत्युंजय की भी तलाश कर रही है।
छोटे भाई से भी की पूछताछ
हरदा पुलिस ने धोधाखड़ी के मामले में एडीपीओ शैलेंद्र पुत्र वीरेंद्र सिसौदिया को न्यायालय परिसर से सोमवार को गिरफ्तार किया था। तब से पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस दौरान पुलिस ने आरोपी एडीपीओ के छोटे भाई गोटू उर्फ सत्येंद्र सिसौदिया से भी पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। शैलेंद्र का अन्य साथी विवेक त्रिपाठी अब तक फरार है। हरदा पुलिस के अनुसार ठग एडीपीओ शैलेंद्र का भोपाल का एक अकाउंट सीज कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य जगह से पीड़ित लोग हरदा थाने पर पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पूछताछ ने आरोपी ने इंदौर के जिस मृत्युंजय दुबे का नाम बताया है उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी हैं। देवास पुलिस भी आरोपी से पूछताछ के लिए हरदा पहुंची थी, लेकिन न्यायालय ने जब आरोपी को हरदा पुलिस को सौंप दिया तो देवास पुलिस को वापस खाली हाथ लौटना पड़ा।