पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

निर्देश के बाद भी नहीं कराई गई उखड़ी सड़क की मरम्मत

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बारिश से अब तक खस्ताहाल सड़क से निकल रहे लोग

बरसात में उखड़ी सड़कों की चार माह बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसका कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों व वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी आ रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।

इस साल अधिक बरसात के कारण ज्यादातर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इन खस्ताहाल सड़कों की शासन ने तीस नवंबर 2019 तक मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे। जबकि निर्देशों का पालन अभी तक नहीं हो सका है। इस संबंध में करमनखेड़ी के अरविंद सिंह ने बताया कि अरोलिया से कुरावर के बीच की दस किमी सड़क कुछ वर्ष पहले बनी थी, लेकिन उक्त सड़क इतनी घटिया बनी है कि बनने के कुछ समय बाद ही जगह जगह से सड़क उखड़ गई थी। अरोलिया के इंदर सिंह ने बताया कि जब यह सड़क बन रही थी, तब ही ग्रामीणों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। लेकिन उस समय जिम्मेदारों द्वारा ध्यान नहीं दिया था। इसी तरह दो साल पहले बनी नगर की चार किमी सड़क भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं जिससे और खतरा बना हुआ है। जावर जोड़ के समीप सड़क में दरार पड़ गई थीं जिस पर ठेकेदार ने लीपापोती कर दरार भर दी है। इसी तरह मूंडला गांव की तीन किमी सड़क से पूरी तरह डामर गायब हो गया है। ये सड़कें लोक निर्माण विभाग की देखरेख में बनी हैं। मूंडला के मान सिंह ने बताया कि सड़क को फिर से बनाने के लिए टेंडर होने की बात कई दिनों से की जा रही है, लेकिन काम अभी तक शुरू नहीं हुआ।

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी एसडीओ हरिशंकर बडमूल का कहना है कि अरोलिया मुरावर की सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर हो चुके हैं। निर्माण एजेंसी को कई बार रोड की मरम्मत करने के लिए बोल चुके हैं।

खबरें और भी हैं...