- Hindi News
- National
- Nasrullaganj News Mp News Special Yoga On Holika Dahan Renunciation Of Yash Kirti For All Zodiac Signs
होलिका दहन पर विशेष योग, सभी राशियों के लिए यश कीर्ति का संयाेग
499 वर्षों बाद अपनी राशि में होली पर नजर आएंगे शनि देव
9 मार्च सोमवार को होलिका दहन पर शुभ संयोग रहेगा और शनि देव के अपनी ग्रह राशि में आने के कारण इस वर्ष होली पर विशेष योग देखने को मिल रहा है। सोमवार को दहन के पूर्व होलिका की पूजा अर्चना महिलाओं के द्वारा विशेष योग में की जाएगी और यही पूजन कई राशियों के लिए यश कीर्ति व विजय की होगी।
इस संबंध में अस्पताल परिसर स्थित कामेश्वर महादेव मंदिर के पंडित राजेश शर्मा पौराणिक ने बताया कि सन 1521 के बाद इस वर्ष होली पर 9 मार्च को मकर राशि में शनि ग्रह और गुरु अपनी धनु राशि में रहेंगे। जिसके चलते होली पर शुभ संयोग रहेगा। इससे पूर्व 3 मार्च 1521 यानि 499 वर्ष पहले होली के दिन दोनों ग्रहों के अपनी-अपनी राशियों में होने के कारण ऐसा संयोग बना था।
पंडित श्री शर्मा के अनुसार होलिका दहन के समय इस वर्ष भद्राकाल की बाधा नहीं रहेगी। फाल्गुन माह की पूर्णिमा यानी होलिका दहन के दिन भद्राकाल सुबह सूर्योदय से शुरू होकर दोपहर करीब डेढ़ बजे ही खत्म हो जाएगा।
सभी राशियों के लिए बढ़ाएगी यश कीर्ति
होली पर 9 मार्च को सोमवार व पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र होने के चलते ध्वज योग रहेगा। जो सभी राशियों के जातकों को यश-कीर्ति व विजय प्रदान करने वाला होगा। दूसरी तरफ सोमवार को पूर्णिमा तिथि होने के कारण चंद्रमा का प्रभाव अधिक रहेगा। ज्योतिषाचार्य के अनुसार सोमवार को चंद्रमा का दिन माना गया है।
किसानों के लिए भी फायदेमंद है होली
ज्योतिषाचार्य राजेश शर्मा के अनुसार इस बार पूर्णिमा सोमवार को पड़ रही है। गुरु और शनि इस बार सूर्य के नक्षत्र में उतराषाढ़ा में रहेंगे। पूर्णिमा सोमवार को पड़ने के कारण पूर्वा पर्व नक्षत्र के बाद उत्तरा पर्व नक्षत्र है। इसमें होलिका पड़ने से कार्य क्षेत्र में वृद्धि की उपलब्धि होगी, साथ ही सौम्य योग होने के कारण किसानों के लिए होली अच्छी रहेगी।
होलिका पूजन मुहूर्त
भद्रा अवधि में शुभ योग : सुबह 10.16 से 10.31 बजे तक
भद्रा पश्चात लाभामृत योग : दोपहर 1.13 से शाम 6.00 बजे तक
होलिका दहन मुहूर्त
शाम 6.22 से रात 11.18 बजे तक
शुभ मुहूर्त : शाम 6.22 से रात 8.52 बजे तक
प्रदोष काल विशेष मंगल मुहूर्त : शाम 6.22 से शाम 7.10 बजे तक