- Hindi News
- National
- Nasrullaganj News Mp News The Nap Has To Be Recovered From The Citizens Development Work Stalled Due To Revenue Arrears
नप को नगरवासियों से वसूलना है लगभग सवा करोड़, राजस्व बकाया होने से विकास कार्य ठप
वसूली कर नगर परिषद सुधारेगी अपनी माली हालत, शुरू किया घर-घर दस्तक अभियान
नगर परिषद को अपनी हालत सुधारने के लिए मार्च माह में 100 प्रतिशत वसूली करना होगी। जिससे वह समय पर अपने कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर सकें। इसके अतिरिक्त अधिक राजस्व बकाया होने के कारण नगर में विकास कार्य भी ठप पड़े हुए हैं और वसूली होने की स्थिति में पुनः निर्माण कार्यों को शुरू किया जा सके। नगर परिषद को वर्ष 2019-20 तक की स्थिति में विभिन्न करों का सवा करोड़ रुपए से भी अधिक का राजस्व नगर वासियों एवं अन्य शासकीय विभागों से वसूलना हैं। इसके लिए नगर परिषद के द्वारा घर-घर दस्तक देने का अभियान शुरू कर दिया गया है और नगर परिषद का लक्ष्य है कि 100 प्रतिशत वसूली का राजस्व के लक्ष्य की पूर्ति की जाए।
इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रहलाद मालवीय ने बताया कि वर्ष 2019-20 के लिए नगर परिषद के सभी नाकेदारों को हिदायत दी जा चुकी है और घर- घर जाकर वसूली किए जाने का अभियान शुरू किया है। नगर के कुल 15 वार्डों में 6 नाकेदारों के द्वारा वसूली अभियान चलाया जा रहा है। वसूली न देने वाले बकायादारों को नोटिस देने की तैयारी भी परिषद के द्वारा की जा रही है। फरवरी माह में परिषद के द्वारा वार्डों में शिविर लगाए गए थे। इस दौरान लाखों रुपए की वसूली कर्मचारियों ने की थी।
विभिन्न करों का लगभग सवा करोड़ रुपए बकाया
नगर परिषद का इस समय नगर वासियों सहित शासकीय विभागों पर संपत्ति कर, समेकित कर, शिक्षा उपकर, नगरीय विकास उपकर, जलकर, कांपलेक्स/ दुकान किराया, भवन भूमि किराया एवं अन्य कर सहित 1 करोड़ 24 लाख 34 हजार 894 की राशि बकाया है। यह स्थिति वर्ष 2019-20 चालू वर्ष की है। 2019-20 चालू वर्ष के मांग एक करोड़ 6 लाख 2 हजार 723 थी। इस दौरान परिषद के पास 36 लाख 58 हजार 813 की राजस्व प्राप्ति हुई। इस तरह कुल 69 लाख 43 हजार 910 की बकाया शेष रही। वहीं बकाया मांग 66 लाख 15 हजार 819 थी, जिसमें 11 लाख 24 हजार 835 की वसूली हुई और शेष राशि 54 लाख 90 हजार 984 रही। इस तरह नगर परिषद को राजस्व वसूली के रूप में एक करोड़ 24 लाख 34 हजार 894 करोड़ की राशि नगर वासियों से वसूलना हैं।
चलाया जा रहा है वसूली अभियान : नगर परिषद के कुल 15 वार्डों में 6 नाकेदारों के द्वारा वसूली अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें नगर वासियों सहित शासकीय विभागों में घर- घर एवं दुकान- दुकान जाकर वसूली की जा रही है। परिषद का यह अभियान 1 मार्च से शुरू हो चुका है और वसूली को लेकर सख्त हिदायत दी गई है। इसके पूर्व परिषद के द्वारा 12 से 22 फरवरी तक कैंप लगाकर वसूली की गई थी।
करेंगे लक्ष्य को प्राप्त
-शहजाद खान, राजस्व प्रभारी, नप नसरुल्लागंज