- Hindi News
- National
- Sehore News Mp News The Property Of 76 People Of The City Will Be Attached If The Tax Is Not Deposited
टैक्स जमा नहीं करने पर शहर के 76 लोगों की संपत्ति कुर्क होगी
सीहोर | नगर पालिका को लोगों को करोड़ों रुपए टैक्स के वसूल करना है जो नहीं हो पा रहे हैं। वसूली के लिए नपा ने कई बार बकायादारों को नोटिस भेजकर राशि जमा करने के लिए कहा लेकिन लोगों ने इस राशि को जमा नहीं किया। आखिरकार अब नपा ने ऐसे बड़े बकायादारों से राशि वसूल करने संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए हैं। इन बकायादारों की संख्या करीब 76 है।
नगर पालिका को पुराना और अभी का करीब 14 करोड़ रुपए वसूल करना है। इन करों में संपत्ति कर के अलावा जलकर, शिक्षा उपकर आदि हैं। लंबे समय से इन बकायादारों को वसूली के लिए कई नोटिस नगर पालिका दे चुकी थी लेकिन अभी तक इन्होंने राशि जमा नहीं की। इसके बाद अंतिम चेतावनी के लिए भी नोटिस दिए गए। इसके बाद कुछ ने राशि जमा की लेकिन इनकी संख्या बहुत कम थी। इसलिए नगर पालिका ने अब कुर्की की कार्रवाई शुरु कर दी है। रविवार को नगर पालिका ने ऐसे 75 लोगों के नामों की सूची जारी की है जिनके ऊपर काफी राशि बकाया है। इन सभी की संपत्ति कुर्क होगी।
किस वार्ड से कितने बकायादार
नगर पालिका ने जो सूची जारी की है उसके अनुसार वार्ड 22 मंडी क्षेत्र से 18 लोग ऐसे हैं जिनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। मंडी के ही वार्ड क्रमांक 23 के भी 9 लोगों के नाम इस सूची में हैं जिन्होंने राशि जमा नहीं की। इसी तरह वार्ड 26 से 2, वार्ड 27 से 4 और वार्ड 28 से 43 लोग शामिल हैं। ये सभी मछली बाजार, बद्री महल क्षेत्र, गांधी रोड आदि के हैं।
वेतन बांटने में भी हो रही परेशानी
नगर पालिका का अमला पिछले कुछ समय से परेशान नजर आ रहा है। इसका कारण यह है कि जो वसूली होना चाहिए वह नहीं हो पा रही है। इससे जहां विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तो वहीं कर्मचारियों को भी समय पर वेतन नहीं बंट पा रहा है। इसके अलावा अन्य भुगतान भी प्रभावित हो रहे हैं।