- Hindi News
- National
- Sehore News Mp News There Is No Restriction On Parking Of Vehicles Happening On The Forelane It Seems Jammed Everyday
फोरलेन पर हो रही वाहनों की पार्किंग पर नहीं लग रही रोक, रोज लगता है जाम
46 करोड़ की लागत से फोरलेन बनाया लेकिन इसका उपयोग वाहनों की पार्किंग के लिए होने लगा है। नगर में कई जगहों पर फोरलेन पर दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। हालत यह है कि इन वाहनों के खड़े होने से बार-बार जाम लग रहा है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं। इधर व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन ने अभी तक कुछ नहीं किया।
पिछले दो सालों से बन रहा फोरलेन अब बनकर तैयार हो चुका है। इसे विधायक सुदेश राय की मांग पर पूर्व सरकार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। इसके बाद काम शुरू हुआ और अब करीब इसका काम पूरा हो चुका है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस फोरलेन की डिमांड इसलिए की गई थी कि पुराने हाईवे पर बार-बार जाम लगने की समस्या थी। इस कारण से यहां जाम लगता था। कई बार तो दिनभर इस समस्या से जूझना पड़ता था। फोरलेन स्वीकृति के बाद लगा था कि अब समस्या का निदान हो गया लेकिन इसके बन जाने के बाद ऐसा कुछ नहीं लगा। जहां पर पहले समस्या थी वह उसी तरह दिखाई दे रही है।
इन जगहों पर हालत खराब
1. गंगा आश्रम: यहां पर अधिकांश मेडिकल स्टोर, क्लीनिक, अस्पताल और पैथालाजी लेब हैं। इस कारण से इस क्षेत्र में काफी भीड़ रहती है। हालत यह है कि यहां पर सैकड़ों लोग हर रोज इलाज करने आते हैं। यही कारण है कि यहां पर वाहनों का दबाव बहुत अधिक रहता है। जहां देखो वाहन ही वाहन नजर आते हैं। इससे फोरलेन भी अछूता नहीं रहा। दोपहिया और चार पहिया वाहनों के खड़े होने से यहां पर अन्य वाहनों को निकलने में भी कठिनाई होती है। समस्या का निदान आज तक नहीं निकल सका।
2. बस स्टैंड पर खड़ी रहती हैं बाइक: बस स्टैंड की हालत और भी खराब है। यहां पर तो कई बार बसों और अन्य बड़े वाहनों को निकलने में काफी कठिनाई होती है। यहां पर सड़क पर दोपहिया वाहन खड़े किए जाते हैं। बस स्टैंड से लेकर तो बैंकों तक यही स्थिति है। अब ऐसे में इन दोपहिया वाहनों के कारण यहां से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इस समस्या को कई बार उठाया गया लेकिन समाधान करने में प्रशासन पीछे रहा।
3. इंदौर नाका: यहां पर ट्रकों की कतार लगती है। एक दो दिन नहीं बल्कि हर रोज की यही स्थिति है। यह ट्रक यहां आकर खड़े ही नहीं किए जाते हैं बल्कि ठीक भी किए जाते हैं। ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा यहां पर हो सकता है। कई बार लोगों ने इस समस्या के समाधान की मांग उठाई लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो सका। ऐसे में यहां पर और वाहन वाहन खड़े किए जाने लगे। सड़क किनारे भी इतनी जगह यहां पर नहीं है कि जिससे लोग वहां पर वाहनों को खड़ा कर सकें। इस संबंध में एडीएम वीके चतुर्वेदी का कहना है कि यदि फोरलेन पर वाहनों को खड़ा किया जा रहा है तो गलत है।
लोगों ने कई बार समस्या सुलझाने की मांग की पर कुछ हल नहीं निकला
गंगा आश्रम में इस तरह फोरलेन पर वाहनों की पार्किंग हो रही है।