- Hindi News
- National
- Shujalpur News Mp News 24 Day Laborer Of Laborer Gets 185 Lakh Help In 70 Hours Heart Surgery Will Be Done In Mumbai Today
मजदूर के 24 दिन के बच्चे को 70 घंटे में मिली 1.85 लाख की मदद, आज मुंबई में होगी हार्ट सर्जरी
मिस्त्री का काम करने वाले के 24 दिन के बेटे की हार्ट सर्जरी के लिए 70 घंटे में 1.85 लाख की सरकारी मदद राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम योजना में स्वीकृत होने के बाद आज मुंबई में उसकी हार्ट सर्जरी होगी। इस बच्चे के अशिक्षित परिवार को उस व्यक्ति ने मदद दिलाने में भूमिका निभाई जिसने कुछ माह पहले इसी योजना में इलाज के दौरान अपनी तीन साल की बेटी को खोया था। दस्तावेज तैयार कराने से लेकर ईमेल से प्रकरण को स्वीकृत कराने में सरकार व मरीज के बीच इस युवक ने अहम कड़ी का काम किया।
शुजालपुर में पोल फैक्ट्री के पीछे वार्ड 20 में निवास करने वाले मजदूर दिनेश प्रजापति की प|ी सीमा ने 18 फरवरी को बेटे को जन्म दिया, लेकिन दिल में सुराख होने के साथ ही अन्य गंभीर विकृति होने से स्थानीय चिकित्सकों ने उसे भोपाल रैफर कर दिया। पैसों के अभाव में दिनेश अपने बेटे व परिवार के साथ रायपुर के चिकित्सालय में भी ऑपरेशन के लिए गया लेकिन वहां वेटिंग होने से तत्काल ऑपरेशन न होना बताया गया। 7 मार्च को दिनेश ने दस्तावेज तैयार कराये और 8 मार्च को दीपक अग्रवाल, केयर फार यू की मदद से जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आवेदन जमा कराया।
अपनी बेटी खोने के बाद दूजो की कर रहे मदद
शाजापुर के दीपक अग्रवाल की बेटी मिहिका का इसी योजना के तहत उपचार के लिए सहायता स्वीकृत होने के बाद बंगलौर में आपरेशन हुआ था व उसकी उपचार के बाद मृत्यु हो गई। उस घटना के बाद से दीपक ने अन्य ह्रदय रोगी बच्चों की मदद के लिए शुरुआत की है व दस्तावेज बनवाने सहित अन्य काम में मदद का बीड़ा उठाते हुए ऐसे रोगियों के सहयोग का काम कर रहे है। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के राजेश वावगे, हिमांशी काले, सहयोगी दीपक अग्रवाल का आभार माना है।
18 साल तक के बच्चों को 2 लाख तक का प्रावधान
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को किसी भी तरह की हार्ट सर्जरी के लिए सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मध्यप्रदेश व बाहर 2 लाख रुपए तक की मदद देने का प्रावधान है। इस योजना में जन्मजात बीमारी आंखों में भेंगापन, कटे होठ, टूटे तालु, हाथ पैर टेढ़े होने वाली क्लब फुट बीमारी सहित अन्य जन्मजात रोग के उपचार के लिए मदद मिलती है। इसमें किसी भी तरह के बीपीएल कार्ड, आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता नहीं होती है। इसमें बिना कार्ड मदद मिल जाती है।
माता-पिता के साथ पीड़ित बच्चा।
होली के दिन किया था बच्चे को भर्ती -सीएमएचओ
सीएमएचओ डॉ. फुलम्बिकर ने मुंबई के हाजी अली स्थित एसआरसीसी हॉस्पिटल को उपचार शुरू करने व एस्टीमेट देने का अग्रिम पत्र देकर मरीज को 9 मार्च को मुंबई भेजा। जहां होली के दिन 10 मार्च को बच्चा भर्ती हुआ व 11 मार्च की शाम 4 बजे सभी आवश्यक जांच होने के बाद अस्पताल ने 1.85 लाख का एस्टीमेट मरीज के परिजनों को दिया। जिला प्रशासन को ईमेल से एस्टीमेट भेजा गया व महज तीन घंटे में शाम 7 बजे जिला चिकित्सा अधिकारी ने राशि स्वीकृत कर मुंबई के अस्पताल को सूचित किया। आज 12 मार्च को संभवत इस बच्चे का ऑपरेशन होगा।