15 दिन में एएसपी चौधरी का तबादला, आएंगे मौर्य
आगर एएसपी नवीनकुमार चौधरी का सहायक पुलिस महा निरीक्षक पद पर पुलिस मुख्यालय भोपाल स्थानांतरण हो गया है। इनके स्थान पर पुलिस अकादमी भोपाल से कमल मौर्य आएंगे। बता दें एएसपी चौधरी ने 27 फरवरी को आगर मालवा आकर कार्यभार ग्रहण किया था।
पुलिस मुख्यालय भोपाल से आगर आए चौधरी ने एएसपी प्रदीप पटेल के साथ मिलकर मुख्यमंत्री कमलनाथ के आगर दौरे के समय व्यवस्था देखी थी। चौधरी आगर जिले की भौगोलिक सीमा व अन्य जानकारी प्राप्त कर ही रहे थे कि उनका स्थानांतरण हो गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल से गत दिवस जारी हुई सूची गुरुवार को प्राप्त हुई। एसपी मनोज कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सूची में 5 एएसपी व 9 डीएसपी के नाम शामिल हैं। बता दें जिले में सबसे कम कार्यकाल एएसपी चौधरी का रहा।