- Hindi News
- National
- Agar News Mp News Construction Started During The Tenure Of The Third Collector Shifting At The Time Of Sixth Work Now Started In The New Collectorate
तीसरे कलेक्टर के कार्यकाल में शुरू हुआ निर्माण, छठे के समय शिफ्टिंग, नए कलेक्टोरेट में अब शुरू हुआ काम
सारंगपुर रोड पर बड़े गणेश मंदिर के पास नए कलेक्टाेरेट भवन में कलेक्टर व उनके अधीन आने वाले कई विभागों ने अपना काम काज शुरू कर दिया। बता दें नए कलेक्टाेरेट भवन का लोकार्पण 2 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किया था। लोकार्पण के बाद कामकाज शुरू होने में 9 दिन का समय लगा। कलेक्टर के अलावा कई विभागों ने भी अपना कामकाज नए भवन में शुरू कर दिया, लेकिन पुराने भवन से अभी भी सामान कार्यालय में लाया जा रहा है। कुछ विभागों को इंटरनेट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जो जल्द दूर होने की बात अधिकारी कह रहे हैं।
आगर जिले का गठन 16 अगस्त 2013 को हुआ था। नया कलेक्टाेरेट भवन बनाने के लिए दूसरे कलेक्टर डाॅ. विनोद शर्मा के समय सहकारी प्रशिक्षण केंद्र का चयन हुआ था। लेकिन उक्त स्थान छोटा होने तथा अन्य कारणों से स्थान का परिवर्तन करते हुए गणेश मंदिर के पास का स्थान तय किया गया। तीसरे कलेक्टर के रूप में कार्य करने वाले डीवी सिंह के समय कार्यालय व अधिकारी कर्मचारियों के क्वार्टर का भूमि पूजन हुआ था। चौथे कलेक्टर अजय गुप्ता ने 2018 में नए भवन में कार्यालय शिफ्ट करने की बात कही थी, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाया था। 5वें कलेक्टर अभय वर्मा ने कार्यालय के लिए फर्नीचर व अन्य सामान की डिमांड भेजी थी। यह संयोग ही है कि छठेे कलेक्टर के रूप में कार्य कर रहे संजय कुमार के कार्यकाल में यहां काम शुरू हुआ। ज्ञात रहे दरबार कोठी स्कूल के पास बने नए बंगले में कलेक्टर कुमार ने वसंत पंचमी को ही रहना शुरू किया है। इसके पूर्व सभी कलेक्टर टिल्लर कालोनी में स्थित बंगले में रहते थे।
शुभ मुहूर्त में पूजन कर टेबल पर बनाया स्वास्तिक
पूजन के लिए सुबह 11 बजकर 06 मिनट से मुहूर्त था। पं सुरेंद्र शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा कराई। मां सरस्वती व बैजनाथ महादेव के पूजन के बाद कलेक्टर संजय कुमार ने अपनी टेबल पर स्वास्तिक बनाया और फिर कुर्सी पर बैठे। कार्यालय में पूजा 20 मिनट चली। जबकि 11 बजकर 55 मिनट तक शुभ मुहूर्त था। कार्यालय में बैठने के बाद कलेक्टर ने वहीं पर चुनाव के लिए बनाए गए नोडल अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने अन्य कार्यालयों में जाकर वहां की स्थिति भी देखी। कलेक्टर ने एडीएम, जिला पंचायत सीईओ व अन्य विभागों के प्रमुख के साथ फोटो भी खिंचवाई।
सामान लाते रहे कर्मचारी
कलेक्टर के अलावा अधीक्षक भू-अभिलेख तथा अन्य विभागों ने भी अपना काम शुरू कर दिया, लेकिन पुराने कलेक्टाेरेट से सामान आने का क्रम जारी था। कोई कर्मचारी सामान बाइक पर तो कोई कार में ला रहा था, जबकि कुछ कर्मचारी साइकिल पर सामान लेकर आ रहे थे। अधिकांश सामान नए भवन में आ चुका है।
अपनी टेबल पर स्वास्तिक बनाते कलेक्टर संजय कुमार।