श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी संग खेली होली
शाजापुर | सोमवार को होलिका दहन तैयारी हो रही थी, वहीं दूसरी ओर पुष्टिमार्गीय मंदिरों में 40 दिनी फागोत्सव समापन की ओर बढ़ रहा है।सोमवार को भक्तों ने मंदिरों में सुबह से ही 9 से 11 के बीच भजन कीर्तन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के साथ होली मनाई। सबसे पहले भगवान को भक्तों ने गुलाल लगाया। इसके बाद केसुड़ी के फूलों का रंग भगवान को लगाया गया। पंडित ने पिचकारी से फूलों का रंग भक्तों पर उड़ाया। शहर के सभी पुष्टिमार्गीय मंदिरों में इस तरह की परंपरानुसार होली मनाई जाती है।
मंदिर के पुजारी अरुण व्यास ने बताया कि मंदिरों में धूमधाम से होली मनाई जाती है। यह करीब 50 साल पुरानी परंपरा है,जो मथुरा वृंदावन में मनाई जाती है। हालांकि इस बार काेराेना वायरस की वजह से भक्तों की भीड़ मंदिरों में कम देखने को मिल रही है।