पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Agar News Mp News If Women Are Respected There Will Be Prosperity In Society Sp

नारी का सम्मान होगा तो समाज में खुशहाली आएगी-एसपी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नारी समाज की निर्माता व सृष्टि की जनक है। नारियों में वो शक्ति है, जिसके माध्यम से हम समाज को सुरक्षित व खुशहाल बना सकते है। नारी का सम्मान होगा तो समाज में खुशहाली आएगी।

यह बात रविवार को बड़ौद रोड स्थित जिला पुलिस लाइन में महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एसपी मनोज कुमार सिंह ने कही। अध्यक्षता एएसपी नवीन कुमार चौधरी ने की। विशेष अतिथि डीएसपी निकिता सिंह थी। एसपी ने महिला दिवस के अवसर पर डायल 100, 1090, परिवार परामर्श केंद्र व निर्भया योजना की जानकारी देने वाले फोल्डर का विमोचन किया। इसके बाद एसपी सिंह ने नई परंपरा शुरू करते हुए तथा महिलाओं को विशेष सम्मान देते हुए वे जहां बैठी थी वहां जाकर गुलाब का फूल व महिलाओं के लिए जारी किया फोल्डर भेंट किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली एसआई संगीता शर्मा, यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर सहित महिला अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को एएसपी चौधरी, डीएसपी निकिता सिंह व आरक्षक रानू व वैशाली ने भी संबोधित किया। संचालन एसडीओपी ज्योति उमठ ने किया। आभार आरआई श्याम किशोर झरवडे ने माना।

दोहरी चुनौती स्वीकार करने ज्योति उमठ बनी पुलिस अधिकारी

आगर मालवा |देश भक्ति व जन सेवा का पर्याय पुलिस की नौकरी किसी चुनौती से कम नहीं है। यह नौकरी यदि महिला करती है तो उसे दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ता है। ऐसी ही दोहरी चुनौती स्वीकार करके पुलिस अधिकारी बनी आगर एसडीओपी ज्योति उमठ पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कर्तव्य का निर्वाह भी करती हैं। 2014 बैच की राज्य पुलिस सेवा अधिकारी उमठ बचपन में जब पुलिस अधिकारियों को वर्दी में देखती थी तो बड़ा अच्छा लगता था। खासकर तब जब महिला अधिकारी किसी अन्य महिला की मदद करती दिखाई देती तो ज्योति भी पुलिस अधिकारी बनने का सपना संजोने लगती। एसडीओपी उमठ का मानना है कि पुलिस अधिकारी जब वर्दी में होता है तो उसकी फिलिंग कुछ और होती है। लोगों की मदद करते हैं तो आत्म संतोष होता है। मेरी सफलता में मेरी मां हंसराज कुंवर उमठ का हाथ है।

बच्चें उच्च शिक्षा ले सके इसलिए की प्राइवेट स्कूल में नौकरी


घांटी नीचे झंडा चौक के पास रहने वाली गीता गोयल के पति अरूण छोटी सी किराने की दुकान चलाने के साथ ही सेल्समेन का कार्य करते है। गीता ने जब देखा कि ऐसी आर्थिक स्थिति में बच्चे उच्च शिक्षा नही ले पाएंगे तो उन्होंने शादी के एक साल बाद ही नौकरी करने का निश्चय किया। प्राइवेट स्कूल में नौकरी करते हुए उन्होंने बेटी अक्षिता व बेटे विवेक को बेहतर शिक्षा दिलवाई। पिछले 5 सालों से अक्षिता व दो साल से विवेक इंदौर में रह कर सीए की तैयारी कर रहे हैं। इस साल के अंत तक बेटी अक्षिता चार्टर्ड अकाउंटेंट बन जाएगी। तीन साल बाद विवेक भी चार्टर्ड अकाउंटेंट होगा। दोनों बच्चों का का कहना है कि मां ने हमें हमेशा प्रोत्साहित किया।

महिलाएं सभी चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ रही हैं : खंडेलवाल

आगर मालवा | महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलती है। सभी क्षेत्रों में महिलाएं काम कर रही है तथा सभी चुनौतियों का सामना करते हुए आत्मविश्वास का परिचय दे रही हैं। बेटियां कोमल है पर कमजोर नहीं।

यह बात रविवार को मार्शल आर्ट अकादमी द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी रश्मि विवेक खंडेलवाल ने कही। आनंद क्लब की स्वाति सक्सेना ने कहा कि बालिकाओं के जीवन में शिक्षा अति महत्वपूर्ण है। वे शिक्षित होकर इस राष्ट्र को और शक्तिशाली बना सकती हैं। सीमा मालवीय ने कहा कि जागरूक रहने के साथ ही महिलाओं व बालिकाओं को आत्म रक्षा के गुण सीखने चाहिए। कार्यक्रम में एकेडमी के संचालक शरद मंडलोई ने महिलाओं व छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाएं एवं मंच पर डेमो भी दिखाया गया। अतिथियों का स्वागत अंशुल भावसार, आयुष दुबे, रिया गुप्ता, श्रुति सागर आदि ने किया। आभार शिक्षक सत्यनारायण यादव ने माना।

कार्यक्रम में जागरूक करने के लिए डेमो फाइल दिखाई।

एसपी ने जब कहा निडर होकर कार्य करें तो हाथ उठाकर सहमति देती महिला अधिकारी।
खबरें और भी हैं...