- Hindi News
- National
- Shajapur News Mp News Instead Of Shaking Hands Youths Beaten The Person Who Taught Them To Give Respect By Folding Hands
हाथ मिलाने के बजाए हाथ जोड़कर सम्मान देने की सीख देने वाले को युवकों ने पीटा
झाेंकर का रहने वाला है युवक, थाने में समझौता
बस स्टैंड परिसर में बुधवार रात 8 बजे दो युवकों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। युवक की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने इन दो आरोपी युवकों को यह सीख दे दी कि हाथ मिलाने के बजाए सामने वाले को हाथ जोड़कर सम्मान देना चाहिए। हमारी भारतीय संस्कृति में भी ऐसा ही करना बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक अंकित राठौर निवासी झोंकर जो शाजापुर में गैस मरम्मत की दुकान चलाते हैं। दुकान बंद कर हर दिन की तरह वे बुधवार रात अपने गांव जाने के लिए बस स्टैंड शाजापुर आए।
राठौर ने बताया कि कोरोना वायरस के मामले सामने आने पर लोगों को हाथ मिलाने के बजाए हाथ जोड़कर नमस्कार करने की बात बताता हूं। जिस बस से रोज अप-डाउन करता हूं, उन्हें भी एक दिन पहले यह बात बताई और उन्होंने इसे स्वीकार भी किया। ऐसे ही मेेरे गांव की ओर रहने वाले दो युवक मुझे बस स्टैंड परिसर स्थित होटल के पास खड़े दिखाई दिए। उन्होंंने मेरी तरफ हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया। मैंने उनसे हाथ तो मिला लिया, लेकिन इसके बाद उन्हें भी मैंने यही बात बताई। मैंने कहा की हमारी हिंदू संस्कृति के मुताबिक हमें हाथ जोड़कर सामने वाले से नमस्कार करना चाहिए। इससे कोरोना वायरस सहित अन्य बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। इस पर दोनों युवक गालीगलौज करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। यहां से जैसे तैसे बचते हुए बस स्टैंड परिसर में बस के पास चला गया। वहां भी उन्होंने मेरे साथ मारपीट की।
जैसे तैसे युवकों से बचते हुए ट्रैफिक पाइंट के पास जाकर खड़ा हो गया। बस में चढ़ा तो मारपीट की। बस से नीचे उतारकर बेल्ट व चाकू से भी हमला किया। इससे मेरे सिर में खून निकल अाया। मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को शिकायत की। हालांकि बाद में परिवार के सदस्यों ने आकर समझाइश देते हुए समझौता करा दिया।