- Hindi News
- National
- Shajapur News Mp News Instructions To Give Notice To The Deputy Director Horticulture Who Are Absent And Leave The Headquarters Without Informing
अनुपस्थित रहने और बगैर बताए मुख्यालय छोड़ने वाले उपसंचालक उद्यानिकी को नोटिस देने के निर्देश
आए दिन बैठकें में अनुपस्थित रहने, विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति नहीं करने और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले उप संचालक उद्यानिकी के.पी.एस. परिहार को लेकर सोमवार को कलेक्टर डॉ. वीरेंद्रसिंह रावत सख्त हो गए। बैठक में ही नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दे दिए।
ज्ञात रहे उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक परिहार अवकाश स्वीकृत कराए बगैर ही बिना सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। इतना ही नहीं विभागीय स्तर पर दिए जाने वाले लक्ष्यों की पूर्ति भी वे नहीं करते। इस दौरान कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. प्रकाश फुलम्बीकर को निर्देशित किया कि खाद्य एवं औषधी प्रशासन के निरीक्षकों से प्रतिमाह कम से कम 15 नमूने संग्रह कराएं। कृषि विभाग द्वारा बायोगैस निर्माण में रुचि नहीं दिखाने पर कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आरसीएमएस प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहने पर कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों की प्रशंसा की।
चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई के निर्देश
चिटफंड कंपनियों द्वारा लोगों के साथ की जा रही धोखाधड़ी के संबंध में कलेक्टर ने लीड बैंक अधिकारी राजेश श्रीधर देशपांडे को निर्देश दिए कि ऐसी कंपनियों द्वारा अब भी यदि निवेश स्वीकार किया जा रहा हो तो तत्काल कार्रवाई प्रस्तावित करें। चिटफंड कंपनियों को निवेश स्वीकार करने का अधिकार नहीं है।