- Hindi News
- National
- Shujalpur News Mp News Mahamandal Vidhan Arghya Dedicated By Providing Pooja Training To Students Procession Will Be Out Today
विद्यार्थियों को पूजन प्रशिक्षण देकर महामंडल विधान अर्घ्य समर्पित कराया, आज निकलेगी शोभायात्रा
श्री सिद्धचक्र मंडल विधान के आठवें अंतिम दिन रविवार को बच्चों को मुनिश्री व आर्यिका मां के निर्देशन में पूजन प्रशिक्षण दिया गया। महामंडल विधान अर्घ्य समर्पित करवाया गया। इस दौरान मैराथन 1024 अर्घो की आहुतियां दी गई। जैन संस्कारों के संरक्षण करने हेतु पाठशाला कलश स्थापना की गई। अब तक जैन समाज द्वारा आचार्य विद्यासागर पाठशाला का संचालन शुजालपुर जैन मंदिर में किया जाता रहा व अब स्थायी निर्माण होगा।
पाठशाला के वार्षिक कलश स्थापना के लाभार्थी संदीप- श्रीमती चेतना जैन,राजेन्द्रकुमार जैन संदीप परिवार रहा। रविवार को तलेन से श्रीसंघ पधारा एवं आचार्य को श्रीफल भेंटकर विधान में पूजन अर्चना की। आष्टा से कैलाश जैन चित्रलोक, सुरेन्द्र जैन शिक्षक व बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा आज विधान में अंतिम दिन विधान में पधारकर पूजा अर्चना की। महामंडल विधान का श्रावक श्रेष्ठी परिवार योगेन्द्र जैन, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि बने।
विधान के 8 वें दिवस जिन सहस्त्र विधान आयोजित किया गया, इसमें भगवान को 1024 अर्घ समर्पित किए गए। आज सोमवार को महामंडल विधान के समापन के साथ ही एक भव्य शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आस पास के क्षेत्र के साथ भोपाल, सीहोर, आष्टा, अकोदिया, जामनेर, तलेन, कालापीपल से श्रद्धालु शामिल होने आएंगे। समाजजनों द्वारा इसकी विशेष तैयारियां की जा रही है। यह जानकारी ट्रस्ट अध्यक्ष राजेन्द्र जैन राज एवं मंत्री सचिन जैन ने दी।
अकोदिया में महामस्तकाभिषेक
अकोदिया से पधारे श्रीसंघ द्वारा मुनिश्री व आर्यिका संघ को श्रीफल भेंटकर माताजी से अकोदिया में वार्षिक मेले एवं महामस्तकाभिषेक हेतु स्वीकृति ली गई। इस दौरान महामस्ताकाभिषेक पत्रिका का विमोचन करवाया गया। सभी श्रद्धालुओं को अकोदिया पधारने का निमंत्रण दिया गया।
संस्कारों की पाठशाला जरूरी-
मुनि अजितसागर जी
मुनि अजितसागर ने प्रवचन के दौरान कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कारों के लिए एक पाठशाला होना वर्तमान परिस्थितियों में अत्यावश्यक हो गया है। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि शुजालपुर में कई वर्षों से पाठशाला का बेहतरीन संचालन किया जा रहा है। इसमें लगभग 40 बच्चों को संस्कारित किया जा रहा है। शुभकामना प्रेषित करते हुए कहा कि ये बच्चे निश्चित रूप से एक दिन देश के अच्छे नागरिक बनेंगे व देश व समाज के निर्माण में सहयोग करेंगे ।
पूजन प्रशिक्षण एवं महामंडल विधान अर्घ बच्चों ने समर्पित किया।