- Hindi News
- National
- Shajapur News Mp News Storage Concerns Possibility Of Purchasing Two Lakh Tonnes Of Wheat Warehouses Emptying By Distributing Ration For Three Months
भंडारण की चिंता : दो लाख टन गेहूं खरीदी की संभावना, तीन माह का राशन बांटकर खाली कर रहे वेयर हाउस
61 हजार किसान 25 से गेहूं बेचना शुरू करेंगे
ज्यादा बारिश से इस साल गेहूं की बंपर पैदावार को लेकर अफसरों के सामने भंडारण बड़ी चुनौती रहेगा। 1 लाख 76 हजार हेक्टेयर में लहलहा रही गेहूं की फसल देख इस बार अधिकारियों ने 2 लाख टन की खरीदी होने का अनुमान लगाया है। इतने गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए अब पहले से भरे पड़े वेयर हाउसों को खाली कराने की कवायद शुरू हुई है। ऐसे में खाद्यान्न पात्रता पर्ची वाले लोगांे को अब तीन माह का एडवांस गेहूं दे दिया जाएगा।
शासन स्तर से फरमान आते ही सोमवार को इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गई। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने वेयर हाउसों में रखे गेहूं को सीधे राशन दुकानों तक पहुंचाना शुरू करवा दिया। जहां से जिले के पात्र 1 लाख 27 हजार हितग्राहियों को मार्च, अप्रैल और मई तीन माह का गेहूं एक साथ वितरित कर दिया जाएगा। प्रतिमाह औसतन जिले में 30 हजार क्विंटल यानी 3 टन गेहूं का वितरण होता है। यदि तीन माह का एक साथ वितरण कर दिया जाएगा तो 90 हजार क्विंटल गेहूं रखने की जगह हो जाएगी। इधर, दो साल पहले मक्सी में बनाए गए कैप को भी इस साल उपयोग में लेने की तैयारी है। इसके लिए संबंधित विभाग ने कैप की मरम्मत भी शुरू करा दी है। हालांकि इन सारी कवायद के बाद भी समर्थन मूल्य पर खरीदे गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए अधिकारियों को और भी मशक्कत करना पड़ेगी।
पिछले साल की तुलना इस साल गेहूं बेचने वाले किसानों की संख्या में करीब 10 हजार नए किसान जुड़ गए हैं। पिछले साल 52 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया था, लेकिन इस साल 61 हजार 875 किसानों ने अंतिम तिथि 2 मार्च तक पंजीयन करा लिया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी एचआर सुमन के मुताबिक तीन माह का एडवांस खाद्यान्न वितरित कर देने से 9 हजार टन नया गेहूं रखने की जगह उपलब्ध हो जाएगी। इसके लिए 1 मार्च से ही वितरण शुरू करा दिया है। इसके अलावा मक्सी में 35 हजार टन क्षमता वाले पहले बनाए गए कैप की मरम्मत कराना शुरू करा दी है। संभावना के मुताबिक 2 लाख मीट्रिक टन का भंडारण करने की तैयारी कर ली है।