पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Agar News Mp News To Protect Against Corona Virus One Thousand Schools Will Make Awareness By Giving One Minute Message In Prayer

कोरोना वायरस से बचाव के लिए एक हजार स्कूलों में प्रार्थना में एक मिनट का संदेश सुनाकर करेंगे जागरूक

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। लोगों में जागरूकता के लिए नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन में आॅडियो बजाया जा रहा है। इसमें बताया जाता है कि क्या-क्या सावधानी रखनी चाहिए। वहीं डॉक्टरों द्वारा बताया जा रहा है कि लोग हाथ मिलाने की बजाए हाथ जोड़कर अभिवादन करें। हालांकि डाॅक्टरों का कहना है कि हमारे क्षेत्र में इसका खतरा बहुत कम है। फिर भी लोग जागरूक रहें।

स्वास्थ्य विभाग के जिला मीडिया अधिकारी आरसी ईरवार ने जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिले के एक हजार 40 सरकारी व निजी स्कूलों को एक संदेश पहुंचाया है। एक मिनट का यह संदेश प्रार्थना के बाद शिक्षक बच्चों को पढ़ कर सुनाएंगे। इसमें कोरोना वायरस से बचाव के उपाय बताए गए हैं। जिला मीडिया अधिकारी का कहना है कि बच्चों के माध्यम से परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने कुछ पेम्प्लेट भी वितरण करवाए हैं। वहीं जिला अस्पताल में फ्लैक्स भी लगा रखा है।

आपदा नियंत्रण टीम भी बनाई : स्वास्थ्य विभाग में डाॅ डीएस परमार के नेतृत्व में आपदा नियंत्रण टीम भी बनाई है। जिसमें डाॅ कमलकिशोर सागरिया, पैथालाॅजिस्ट डाॅ मुकेश जैन के अलावा नोडल अधिकारी नाहटा व खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएल कुंभकार को सदस्य बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कहते है कि हमारे यहां इस वायरस का फिलहाल कोई खतरा नहीं है। लेकिन सतर्कता जरूरी है। लोग इस वायरस से डरे नहीं इसलिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बता दें जिन लोगों को सामान्य सर्दी, खांसी हो रही है। वे भी जिला अस्पताल इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग को चाहिए कि वह जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी इस मामले में सावधानी रख सकें।

आगर के जिला अस्पताल में रोज आ रहे 75 से ज्यादा सर्दी-खांसी के मरीज ओपीडी पर पर्ची बनवा रहे।

जिला अस्पताल में अलग से बनाया आईसोलेशन वार्ड

कोरोना वायरस के नियंत्रण के लिए 6 बेड का जिला अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड बनाया गया है। दूसरी मंजिल पर बने इस वार्ड के अलावा जांच व सैम्पल लेने के लिए केमिकल, मास्क, आॅक्सीजन सप्लाई आदि की व्यवस्था रखी गई है। बतादें जिला अस्पताल में प्रतिदिन 350 से अधिक लोग इलाज कराने आते हैं। इनमें लगभग 75 से अधिक सर्दी खांसी के मरीज होते है। नोडल अधिकारी डाॅ संदीप नाहटा का कहना है कि सामान्य सर्दी खांसी के मरीजों की जांच नहीं की जा रही है। ऐसा व्यक्ति जो चीन से हो कर आया है, या उसके लक्ष्ण ऐसे दिखाई देते है। उसी की जांच करवाई जाएगी। हमारा क्षेत्र मध्य में है इसलिए यहां डर की कोई बात नहीं है। सर्दी, खांसी वायरल के मरीजों का सामान्य रूप से इलाज किया जा रहा है। लेकिन लोगों में जो भ्रम है उसे भी दूर करने का प्रयास भी हम कर रहे हैं।
खबरें और भी हैं...