विवेक जौहरी ने संभाला पुलिस महानिदेशक का कार्यभार
भोपाल | मध्यप्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने पुलिस मुख्यालय पहुंचे जौहरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्पेशल डीजी सायबर सेल राजेंद्र कुमार ने उन्हें कार्यभार सौंपा। मप्र कैडर के 1984 बैच के आईपीएस अफसर जौहरी इससे पहले सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक के रूप में पदस्थ थे।
राज्य सरकार ने 5 मार्च को जौहरी को पुलिस महानिदेशक बनाने के आदेश जारी किए थे। उनके कार्यभार ग्रहण करने तक स्पेशल डीजी सायबर सेल को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। गुरुवार की सुबह 11.15 बजे जौहरी पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे। जौहरी के पहुंचने के पहले ही प्रभारी पुलिस महानिदेशक एवं स्पेशल डीजी सायबर सेल राजेंद्र कुमार पुलिस मुख्यालय पहुंच गए थे। गार्ड ऑफ आनर के बाद जौहरी ने प्रभारी डीजी राजेंद्र कुमार से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार सौंपने के साथ ही स्पेशल डीजी राजेंद्र कुमार पुलिस मुख्यालय से रवाना हो गए। चार्ज लेने के लिए डीजीपी जौहरी ने पुलिस मुख्यालय के सीनियर अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक कर प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
ज्ञात हो कि जौहरी पन्ना, भिंड, रतलाम व जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। वे एडीजी इंटेलीजेंस एवं पीटीआरआई की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा डीआईजी स्पेशल ब्रांच पुलिस मुख्यालय व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी मुख्यमंत्री सचिवालय के रूप में भी पदस्थ रहे हैं। डीजीपी जौहरी को केंद्र में पुलिस अधीक्षक सीबीआई व अतिरिक्त सचिव केबिनेट सेक्रेटेरिएट के पद पर कार्य करने का अनुभव है।