- Hindi News
- National
- Sheour News Mp News Blood Donor Number Increased By Two And A Half Times From Target 122 Units Of Blood Collection In Five Hours 90 People Including 4 Women Gave For The First Time
लक्ष्य से ढाई गुना बढ़े रक्तदाता संख्या, पांच घंटे में 122 यूनिट रक्त संग्रह, 4 महिलाओं सहित 90 लोगों ने पहली बार दिया
एक घंटे रोकना पड़ा रक्तदान, 40 युवाओं से सिर्फ संकल्प पत्र भरवाए
माली समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. मनोहर सुमन को याद में गुरुवार को ग्राम पांडोला में पहली बार आयोजित किए गए कैंप के दौरान लोगों ने रक्तदान के प्रति भारी उत्साह दिखाया। युवाओं में जुनून ऐसा कि शिविर में रक्तदान करने वालों की संख्या लक्ष्य से ढाई गुना ज्यादा बढ़ने के कारण व्यवस्था कम पड़ गई। एक घंटे तक रक्तदान रोकना पड़ा।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से अतिरिक्त बोतल मंगाई गई, महज पांच घंटे में 122 यूनिट रक्तदान हो गया। इनमें 90 लोगों ने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। एक दंपति समेत 4 महिलाओं ने भी स्वेच्छिक रक्तदान में भाग लिया, जबकि 40 युवाओं को रक्तदान के लिए सिर्फ संकल्प पत्र भरकर संतोष करना पड़ा। शिविर की व्यवस्था में पांच संगठनों ने सक्रिय सहयोग किया। बारां और श्योपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष ने शिविर का शुभारंभ किया। समारोह में अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।ग्रामीणों में फैली भ्रांति मिटाने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया। सुबह 10 बजे से ही ग्रामीणों ने शिविर स्थल बोर वाले हनुमान मंदिर पर जुटना शुरू कर दिया। रक्तदान करने के लिए राजस्थान के सीमावर्ती इलाके से भी माली समाज के लोग आए। खून की कमी से किसी की जान न जाए, इसी जज्बे और जोश के साथ लोगों ने बढ़-चढ़ कर रक्तदान किया।
स्वेच्छिक रक्तदान में जागरूकता लाने वालों का हुआ सम्मान
जिले में 19 फरवरी 2005 से प्रारंभ स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता अभियान को शहर से गांव तक जन आंदोलन बनाने की दिशा में प्रयासरत मुकेश गुप्ता स्मृति सेवा न्यास के सचिव महावीर गुप्ता, पुष्पाश्री फाउंडेशन के अध्यक्ष अरुण ओसवाल, डॉ खेमचंद जैन को सम्मानित किया।
रक्तदान शिविर के आयोजन में राष्ट्रभक्त युवा संगठन, राष्ट्रीय फूले ब्रिगेड, पुष्पाश्री फाउंडेशन एवं स्व.मुकेश गुप्ता स्मृति सेवा न्यास, प्रेस क्लब ने सहयोग किया। कैम्प प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि 50 कार्यकर्ताओं की टीम ने व्यवस्था संभाली। इनमें नकुल जैन ,पवन वैष्णव, कैलाश पाराशर, स्वदेश सुमन ,जसवंत मीणा, मुकेश हिरनीखेडा, नीरज जाट ,रामनरेश सुमन,हनुमान तिवारी, रामलखन सुमन, पारस सुमन, दिनेश साहू, देवेंद्र शर्मा, अमन शर्मा आदि शामिल थे।
पांच संगठनों के 50 कार्यकर्ताओं ने शिविर की संभाली व्यवस्था
200 लोगों ने नि:शुल्क कराई स्वास्थ्य एवं बीपी की जांच: बोर वाले हनुमान मंदिर पर शिविर के दौरान जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने 200 लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सा परामर्श दिया। इस बीच 65 लोगों ने बीपी की जांच कराई। शिविर में सीएमएचओ डॉ. एआर करोरिया व सिविल सर्जन डॉ. आरबी गोयल ने भी सेवाएं दी।
दंपति ने पहली बार, शिक्षक ने 28वीं बार किया रक्तदान
शिविर में ग्राम पांडोला निवासी महावीर शर्मा ने अपनी प|ी अंजलि शर्मा के साथ पहली बार रक्तदान किया। एक अन्य दंपति सहित शिविर में 4 महिलाओं ने रक्तदान किया। वहीं शासकीय इंद्रपुरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक दिनेश साहू ने 28वीं बार रक्तदान करके स्वप्रेरित रक्तदान की मिसाल पेश की।
गांव जितना छोटा, लोगों का दिल उतना ही बढ़ा: कविता
बोर वाले हनुमान मंदिर परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ बारां जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल सुमन एवं श्योपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष कविता मीणा ने माली समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. मनोहर सुमन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप जलाकर किया। इस अवसर पर ज़िला पंचायत अध्यक्ष कविता मीणा ने कहा कि ग्राम पांडोला भौगोलिक व जनसंख्या में छोटा सा गांव है, लेकिन स्वेच्छिक रक्तदान के लिए उमड़ी भीड़ बताती है कि ग्रामवासी बड़े दिल वाले हैं। इस अवसर पर पूर्व नपाध्यक्ष दौलतराम गुप्ता ने कहा कि देश में रक्त की कमी के कारण अस्पताल में हमेशा कोई न कोई मृत्यु से लड़ रहा होता है। ऐसे में जब आप रक्तदान करते हैं तो वह किसी जीवनदान से कम नहीं होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र जाट ने कहा कि रक्तदान की मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने में समाजसेवी संगठनों के प्रयास रंग ला रहे हैं। सीएमचओ डॉ. एआर करोरिया एवं सिविल सर्जन डॉ आरबी गोयल ने जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के विस्तार एवं मरीजों को बेहतर उपचार की दिशा में किए जा रहे प्रयास को रेखांकित किया।
शिविर में रक्तदाताअाें काे सम्मानित करते अतिथिगण।
शिविर में रक्तदान करते पांडोला के युवा।