चैत्र नवरात्रि 25 से होंगी शुरू, घटस्थापना के साथ ही घर-घर भगवा पताकाएं लगाई जाएंगी
25 से नवसंवत्सर, 2 को रामलला की शोभायात्रा
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
शहर सहित जिले में 25 मार्च को नवसंवत्सर के साथ-साथ चैत्र नवरात्रि शुरू होंगी। इसी दिन घटस्थापना के साथ ही नवमीं को कन्या पूजन के साथ 2 अप्रैल को रामनवमी महोत्सव तक भगवा पताकाएं लहराएंगी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा घर -घर भगवा झंडे लगाए जाएंगे। 20 मार्च से शहर को सजाना प्रारंभ हो जाएगा। शहर के प्रमुख बाजार, सभी मोहल्लों, गलियों और घरों में भगवा ध्वज लगाकर सजाया जाएगा।
2 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर पर प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। शाम को भगवान रामलला की भव्य शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्ग से निकाली जाएगी श्रीराम जन्मोत्सव समिति के सचिव रामअवतार शर्मा के अनुसार समिति की बैठक ऐतिहासिक राम-जानकी मंदिर पर होगी। इसमें राम जन्मोत्सव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बजरंग दल के जिला सह संयोजक हेमंत ओझा ने बताया कि रामनवमी के लिए श्योपुर, कराहल, बड़ौदा, वीरपुर एवं विजयपुर क्षेत्र में प्रखंड स्तर पर घर-घर संपर्क किया जाएगा।