पेड़ के झुरमुट में फंसी गाय की गर्दन, मुश्किल से निकाला
श्योपुर | शहर की हजारेश्वर कॉलोनी में शनिवार को पेड़ की शाखाओं के बीच गर्दन फंसने से एक गाय की जान आफत में पड़ गई। गोसेवकों ने मशक्कत करके गाय को निकाला। वहीं नगरपालिका कार्यालय के पीछे वाहन की टक्कर से गाय का सींग टूट गया। जबकि टेलीफोन एक्सचेंज ग्राउंड में वाहन ने टक्कर मारकर बछड़े का एक पैर तोड़ डाला। गोसेवा संघ की टीम ने मौके पर जाकर उपचार किया।
निराश्रित गोवंश के साथ हो रहे हादसों को लेकर गोसेवकों ने रोष जताया। राष्ट्रीय गोसेवा संघ के अध्यक्ष गौरव आचार्य ने कहा कि गाय की रक्षा करना सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है। निराश्रित गोवंश की मदद में किमी गौतम, रवि गौतम, जयसिंह भदौरिया, राधे पचोरी, गौरव राठौड, अभिषेक शर्मा, सत्तू वर्मा, जगदीश वर्मा, हेमन्त वर्मा एवं मोहल्लेवासियों ने सहयोग किया।