पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sheour News Mp News First Of All The Guru Worshiped With Punches Then Lit Holi At 70 Places Today Gulal Will Fly

सबसे पहले गुरु ने कराया पंचों से पूजन इसके बाद 70 जगह जलाई होली, आज चहुंओर उड़ेगा गुलाल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

शहर सहित जिले में सोमवार को परंपरागत तरीके से होलिका का दहन किया । शहर में सबसे पहले टोड़ी गणेश बाजार की होली जलाई गई। इसके लिए रात 9 बजे पंचों ने वार्ड 20 में काल भैरव और शीतला माता का सामूहिक पूजन किया। तत्पश्चात ग्राम गुरु पंडित श्याम शुक्ला द्वारा होलिका पूजन संपन्न कराया गया। टोड़ी बाजार में होलिका दहन के बाद रामतलाई हनुमान मंदिर के सामने होलिका दहन हुआ। इसके बाद शहरभर में 70 से अधिक स्थानों पर लोगों ने लकडिय़ां, गोबर से बनी गुलरियां, कंडे इकट्ठे कर होलिका दहन किया। होली दहन के साथ ही लोगों ने आपसी बैर भाव भुलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। हर उम्र के लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होली जलने के साथ ही लोगों ने एक दूसरे पर अबीर गुलाल डालना शुरू कर दिया। होली पर्व पर बच्चों में उत्साह देखते ही बनता है। एक सप्ताह से गली मोहल्लों में होलिका दहन की तैयारी चल रही थी। खासकर युवाओं ने अपनी गली, मोहल्ले एवं कालोनी में होलिका दहन स्थल पर आकर्षक सजावट की। लकड़ी, कंडे, गुलरिया आदि से होली सजाने के बाद शाम को मुहूर्त के अनुसार विधि विधान से होलिका दहन कराया गया। वहीं पुलिस ने भी शहर व अंचल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं।एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि होली का त्योहार शांति और सद्भावना से मनाए जाने के लिए करीब 400 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। होली के दौरान पुलिस के गश्ती दल शराबी और हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे। शांति में बाधा डालने वाले तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

शहर में शाम ढलते ही होलिका दहन स्थलों पर चहल पहल बढ़ने लगी। टोड़ी बाजार, रामतलाई हनुमान मंदिर के सामने पारंपरिक रूप से होलिका दहन हुआ । शहर के एकीकृत बस स्टैंड के सामने व्यापारियों ने होलिका दहन किया। इसके अलावा मैन बाजार, रेलवे स्टेशन, फक्कड़ चौराहा, रामतलाई हनुमान मंदिर, अग्रसेन कॉलोनी, मधुवन कॉलोनी, गिर्राज घाट, बंजारा डैम,जैदा मंडी, किला रोड, ब्राह्मण पाड़ा, पंडित पाड़ा, नयाबांस मोहल्ला, पापूजी मोहल्ला, पाली रोड सहित गली मोहल्लों में होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अंचल में भी जली होली

होलिका दहन के मौके पर सोमवार को अंचल भर में धूम रही। विजयपुर, बड़ौदा, कराहल, वीरपुर, मानपुर, श्यामपुर, रघुनाथपुर, ढोढर, टर्राकलां, इकलौद सहित सभी छोटे बड़े गांवों में परंपरा के अनुसार बुराई की प्रतीक होली जलाई गई।

रंगों से सराबोर बाजार

होली के रंग में बाजार सराबोर दिखाई दे रहे हैं। बाजार में जगह-जगह रंग-गुलाल और अबीर की दुकानें सज गई हंै। इन दुकानों पर खरीदारों का तांता लगा हुआ है। बाजार में पिचकारियां 20 रुपए से 250 रुपए तक कीमत में बेची जा रही हैं। ज्यादातर लोग सस्ते रंगों के बजाय गुलाल और हर्बल रंगों की खरीदारी में दिलचस्पी ले रहे है।

चिकित्सक बोले- डरंे नहीं थोड़ा सतर्क रहें सूखी होली कोरोना संक्रमण से बचाने में कारगर

कोरोना वायरस को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके करोरिया ने कहा कि होली मस्ती, उमंग और उल्लास का त्योहार है। आप उसी मस्ती भरे माहौल में होली जरूर खेलें। इसका रंग फीका न पड़े इसलिए कुछ सावधानी जरूर बरतें। उन्होंने बताया कि गुलाल लेकर माथे पर तिलक लगा ही सकते हैं। सूखी होली संक्रमण से बचाने में कारगर होगी। एक-दूसरे से दूरी बनाकर रखें। खांसते समय मुंह पर रुमाल रखें। हमारे यहां हालांकि कोरोना वायरस के पॉजीटिव नहीं मिले हैं, लेकिन, सतर्कता बरतना भी जरूरी है।

थाना प्रभारी बोले- शराबियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

रघुनाथपुर में होली को लेकर पुलिस ने शांति समिति की बैठक बुलाई। जिसमे होली को भाईचारे व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने पर जोर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि होली पर्व सभी लोग आपस में शांति व सद्‌भावना के साथ मनाएं। कस्बे में किसी प्रकार की घटना के बारे में पुलिस को सूचित करें। पुलिस शराबियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। परीक्षा को देखते हुए डीजे व लाउड स्पीकर पर रोक लगाने सहित कई व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देश दिए।

होली के लिए रघुनाथपुर थाने में हुई शांति समिति की बैठक ।
खबरें और भी हैं...