टैक्स जमा करने पर नगर पालिका ने पहनाई माला
बड़ौदा के द्वारा लगातार चलाया जा रहा टैक्स वसूली अभियान, रविवार को भी की वसूली
नगरीय निकायों के द्वारा टैक्स वसूली के लिए लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे है, जबकि उनसे घर-घर जाकर वसूली भी हो रही है। इसके तहत रविवार को बड़ौदा परिषद के सीएमओ के द्वारा घर-घर पहुंचकर लोगों से बकाया टैक्स की वसूली की। जबकि टैक्स जमा करने पर लोगों को माला पहनाई गई।
रविवार को नगर परिषद बड़ौदा के सीएमओ शिवराम जाटव अमले के साथ कस्बे में उन घरों पर गए, जहां हजारों रुपए का टैक्स बकाया चला आ रहा था। बड़ौदा में नगर परिषद के द्वारा रोजाना टैक्स के 30-40 हजार रुपए लोगों से वसूले जा रहे है। यहां टीम ने रविवार को बड़ौदा के वार्ड क्रमांक 3 निवासी मोहनलाल पुत्र पांचूलाल राठौर से संपत्ति कर के 17985 रुपए वसूल किए। नगद राशि जमा करने पर सीएमओ के द्वारा मोहनलाल राठौर का माला पहनाकर अभिवादन किया गया, इसी तरह वार्ड क्रमांक 3 के ही किशनलाल राठौर ने 6740 रुपए टैक्स के जमा किए। इस तरह टीम ने यहां 24 हजार 125 रुपए की वसूली की।
टैक्स जमा करने पर मोहनलाल को सीएमओ द्वारा पहनाई गई माला।