- Hindi News
- National
- Sheour News Mp News Napa Giving 3 Lakh Liters Of Water Daily 50 Thousand Liters Spreading From Pipeline Leakage
रोज 3 लाख लीटर पानी दे रही नपा, पाइप लाइन लीकेज से 50 हजार लीटर फैल रहा
घरों में जा रहा गंदा पानी, लोग बोले- जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
भास्कर संवाददाता | श्योपुर
शहर में जलप्रदाय शाखा की अनदेखी के चलते लीकेज पाइप लाइन लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रही है। नगरपालिका द्वारा शहर की लगभग 80 हजार आबादी को पीने के लिए प्रतिदिन तीन लाख लीटर पानी की सप्लाई हो रही है। इसमें लगभग 50 हजार लीटर पानी व्यर्थ बहता है, क्योंकि नल पाइप लाइन कई जगह लीकेज हो रही है। आधे शहर को पानी की सप्लाई हजारेश्वर उद्यान स्थित ओवरहेड टैंक से की जाती है। इस टंकी से जुड़ी नल पाइप लाइन 55 साल से अधिक पुरानी होकर लीक हो रही है। यह नल लाइन नाली के साथ गुजरी है। ऐसे में इन लाइनों में लीकेज से नाली का पानी नल के माध्यम से घरों में पहुंच रहा है।
इससे गंदा पानी आने की शिकायतें बढ़ रही है। शहर के मेन बाजार, जोशी मोहल्ला, सरावगी मोहल्ला, पंडित पाड़ा, छारबाग, दाऊदी बोहरा मस्जिद, ब्राह्मण पाड़ा, जनता नगर, बगवाज एवं रेलवे स्टेशन क्षेत्र में 8 हजार आबादी प्रभावित है। वार्ड नंबर 2, 3 व 4 में समस्या सबसे ज्यादा है। इस क्षेत्र में नल और नाली एक साथ गुजरती हंै, जिससे पाइप में लीकेज के कारण नाली का पानी समा जाता है, बाद में यही पानी नल से लोगों के घरों तक पहुंचता है। छारबाग, बोहरा बाजार, सरावगी मोहल्ला में लोगों ने बताया कि सप्लाई शुरू होते ही 15 से 20 मिनट तक गंदा पानी आता है। इस पानी को बेकार बहाते हैं, इसके बाद जब साफ पानी आने लगता है तब घरेलू उपयोग के लिए पानी बर्तन में भरते हैं। लोगों ने शिकायत की है कि नल से पानी मटमैला आता है, कई बार पानी के साथ कीड़े भी निकलते हैं।
गृहणी अलका शर्मा ने बताया कि फिल्टर लगाकर नल का पानी पीने के लिए बर्तन में भरते हैं ।अगर यही हाल रहे तो गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत बढ़ जाएगी। शहर के अधिकांश इलाकों में पाइप लाइन में लीकेज की शिकायतें हैं। पाइप से रिसकर पानी व्यर्थ बह रहा है।
समस्यावार्डों में गंदा पानी सप्लाई होने की समस्या ज्यादा, करीब 8 हजार आबादी प्रभावित
सीएमओ बोले- जल प्रदाय शाखा को सूचना पर ऑन स्पॉट लीकेज लाइन सही कराने की हिदायत
शहर में नगरपालिका दफ्तर के पीछे डॉ. तिवारी के मकान के पास लीकेज नल लाइन सड़क पर बहता पानी।
बोहरा बाजार में कम दबाव से मिल रहा पानी
शिकायत मिलने पर मौके पर कराएंगे दुरुस्त
सालाना 9 करोड़ रुपए खर्च के बाद भी नहीं बदली जा रही वर्षों पुरानी लाइन
दरअसल शहर में वार्ड नंबर 2,3 और 4 में वाटर सप्लाई लाइन 55 साल से ज्यादा पुरानी है। नल लाइन नालियों के बीच से निकली है। लगातार पानी के संपर्क में रहने से लोहे के पाइप जंग खा रहे हैं। हालांकि नगरपालिका के वार्षिक बजट में आकस्मिकता मद में 9 करोड़ रुपए रखे गए हैं। इस मद का उपयोग नल लाइन के संधारण से लेकर नाली की टूट फूट आदि पर किया जाता है। लीकेज की शिकायत पर जलप्रदाय शाखा द्वारा मौके पर पानी का बहाव बंद कर दिया जाता है। पाइप बदलने के बजाय काम चलाऊ व्यवस्था होने से समस्या बनी हुई है।
नल में 20 मिनट तक आता है गंदा पानी
सरावगी मोहल्ला निवासी सुरेश बाबू का कहना है कि पूरे वार्ड में नल और नाली एक साथ गुजर रही हंै। कई जगह नल पाइप लाइन लीकेज है। जिससे नाली का गंदा पानी पाइप में समा जाता है। बाद में सप्लाई के दौरान यही बदबूदार पानी नलों से आता है। ज्यादातर घर में लोग 20 मिनट तक नल का पानी फालतू बहाने के बाद बर्तन में भरना शुरू करते हैं। नालियों के बीच फूटी नल लाइन के लीकेज दुरुस्त कराने के लिए नपा अफसर ध्यान नहीं देते हैं। इस कारण पानी की समस्या हल नहीं हो पा रही है।