- Hindi News
- National
- Sheour News Mp News Phagotsav Celebrates In The City People Will Share Happiness With The Gulal Community In The Temples
शहर में फागोत्सव की धूम, मंदिरों में उड़ा गुलाल समाज के संग लोग बिखेरेंगे खुशियों के रंग
होलिका दहन आज, कल धुलेंडी, रंग पंचमी तक खूब उड़ेगा गुलाल
शहर से गांव तक फागोत्सव की धूम के बीच रंगों के त्योहार होली की मस्ती बिखरने लगी है। शहर के पारिख जी का बाग में रविवार को श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के संग फूलों से होली खेली। वहीं हनुमान उत्सव समिति के फागोत्सव में भक्ति के साथ मस्ती भरे होली गीतों के बीच श्रद्धालुओं में जमकर रंग गुलाल उड़ाया। उधर होली को लेकर एसपी ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक ली।
मोहल्ला समिति और हुरियारों की टोली होलिका दहन स्थल सजाने में व्यस्त नजर आई। शहर में 40 से ज्यादा स्थानों पर सोमवार को होलिका दहन होगा। 9 मार्च को सोमवार व पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र होने से ध्वज योग रहेगा। ज्योतिष गणना के अनुसार ध्वज योग यश-कीर्ति व विजय प्रदान करने वाला होता है। वहीं, सोमवार को पूर्णिमा तिथि होने से चंद्रमा का प्रभाव ज्यादा रहेगा।
गली मोहल्लों में होलिका दहन की तैयारी
शहर समेत जिले में होलिका दहन की तैयारी तेज हो गई है। गली मोहल्लों में होलिका दहन स्थलों पर कांटेदार झाड़ियों या लकड़ियों को इकट्ठा किया जा रहा है। महिलाओं ने घर में होली की तैयारी के बीच गाय के गोबर के ढाल, तलवार, होली, होला, नारियल, माला और लड्डू आदि बडकुल्ये बनाए। होलिका दहन में गाय के गोबर से बने कंडे का उपयोग होगा।
होली खेलने के लिए जबरदस्ती न करें: एसपी
होली पर्व, धुलेंडी शांति-सद््भावना के साथ मनाने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक पुलिस कंट्रोलरूम में हुई। बैठक में सभी ने अपनी सहमति व्यक्त कर सिर्फ गुलाल से होली खेलने तथा जबरदस्ती किसी को रंग न लगाने की बात कही। अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि जिले में शांति पूर्वक होली का त्योहार मनाने की परंपरा रही है। पेन्ट के रंग का इस्तेमाल नही किया जाए। चंदा आदि की जबरन वसूली नहीं की जाए। होली के त्योहार पर पानी व प्रकाश व्यवस्था नगरपालिका करे। देशी विदेशी शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
होली खेलांगा आपां गिरधर गोपाल सूं...
वीरपुर के फरसा वाले हनुमान मंदिर पर हनुमान उत्सव समिति ने रविवार को फागोत्सव मनाया। फाग के गीतों व भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालुओं ने रंग, गुलाल और फूलों से जमकर होली खेली। आपां होली खेलांगा गिरधर गोपाल सूं... होली खेलने आई रे, कारे कनुआ से कह दो..., सरीखे भजनों से ऐसा माहौल बना कि हर कोई थिरकने पर मजबूर हो गया।आचार्य योगेश मरैया के सानिध्य में फागोत्सव के दौरान ठाकुरजी को भोग लगाकर आरती उतारी। प्रसाद वितरण के साथ फागोत्सव का समापन हुआ।
होलिका दहन का मुहूर्त
भद्रा काल सुबह 6:37 से दोपहर 1:15 बजे तक रहेगा। इसके बाद भद्रा काल नहीं होने से शाम से रात 11 बजे तक होलिका दहन शुभ रहेगा।
सिगरेट, तंबाकू और पाउच की जलेगी होली
पतंजलि योग समिति एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 9 मार्च को युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से सिगरेट, तंबाकू व पाउच की होली जलाई जाएगी। नशीले पदार्थ की होली 9 मार्च की रात 8 बजे कई जगह जलाई जाएगी।
पुरानी अनाज मंडी के सामने सजाई जा रही हाेली।
हनुमान उत्सव समिति के फागाेत्सव में हाेली खेलते श्रद्धालु।