- Hindi News
- National
- Sheour News Mp News Women Showered Lathis Youth Group Robbed The Packet Of Nuts After Taking The Attack
महिलाओं ने बरसाईं लाठियां, युवाओं की टोली ने हमले सहकर मेवे की पोटली लूटी
राधा-कृष्ण मंदिर में देर रात गूंजे रसिया, श्रद्धालुओं की रही भीड़
बीच मैदान में पेड़ की डाली पर लटकाई गई गुड़, दाख, बादाम, काजू, किशमिश, खोपरा से भरी एक पोटली को लूटने के लिए गांव की महिलाओं और युवाओं की टोली के बीच जोरदार टकराव हुआ। एक तरफ पोटली की सुरक्षा में महिलाएं तैनात थी तो दूसरी तरफ युवाओं की टोली के सामने पोटली लूटने की चुनौती थी।
लाठी से लेस महिलाओं ने पोटली का बचाव किया । लेकिन युवाओं ने लाठियों के वार सहते हुए आखिरकार पोटली लूट ली। परंपरा का यह अनूठा नजारा था रंग पंचमी के मौके पर शनिवार को कराहल विकास खंड के ग्राम सिलपुरी का। जिसमें सिलपुरी व आसपास गांव से यादव समाज के सैकड़ों पुरुष और महिलाएं शामिल हुए। इस दौरान परंपरा के अनुसार कृष्ण मंदिर में राधाकृष्ण की सजीव झांकी के साथ फूल बंगला सजाकर शाम साढ़े 5 बजे विशेष आरती हुई। आरती के बाद देर रात तक रसिया गीतों के मधुर तानों के बीच रंग, अबीर और गुलाल के रंगों में भक्ति के साथ मस्ती के रंग बिखरे। एक तरफ बुजुर्गों ने मंदिर में भजन कीर्तन किए तो दूसरी तरफ युवाओं और गांव की भाभियों ने मैदान में मोर्चा संभाला। बरसों से चली आ रही इस परंपरा को स्थानीय बोलचाल की भाषा में झाड़ उखाड़ कहा जाता है। इस दिलचस्प मुकाबले को देखने के लिए ग्रामीणों की खासी भीड़ जुटी। दाख, बादाम, काजू, किशमिश, खोपरा व मिश्री आदि पंचमेवा से भरी हुई एक पोटली बीच मैदान में पेड़ की डाली पर लटकाई गई। युवाओं की अलग-अलग टोलियों ने बारी-बारी से पोटली को लूटने का प्रयास किया तो महिलाओं ने सुरक्षा के लिए मोर्चा संभाला। करीब डेढ़ घंटे तक दिलकश मुकाबला चला।
इधर मालीपुरा में मनी श्यामा-श्याम की रंग रंगीली होली
ग्राम मालीपुरा में शनिवार को रंग पंचमी पर 58 वां श्यामा श्याम की रंग रंगीली होली महोत्सव धूमधाम से मनाया। श्रीराधा सत्संग एवं बाल मंडल की पहल पर इस आयोजन में मालीपुरा व आसपास गांव से माली समाज के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। भक्तों ने भगवान के संग फूलों से होली खेली। इसके बाद एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। सत्संग मंडली के कलाकारों ने बृज के रसिया व होली के पारंपरिक गीत गाए।
ग्राम सिलपुरी में रंगपंचमी पर झाड़ उखान कार्यक्रम के दाैरान पंच मेवे की भरी पाेटली लूटकर खुशी मनाते युवा।
सिलपुरी में यादव समाज ने मनाई रंग पंचमी, महिलाओं ने खेली लट्ठमार होली
कृष्ण मंदिर में भक्तों ने देर रात तक गाए रसिया
सिलपुरी के कृष्ण मंदिर में देर रात तक रंगपंचमी उत्सव की धूम रही। मंदिर में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। विशेष आरती के बाद शुरू हुआ बृज के रसिया गायन का दौर देर रात तक चलता रहा। भजनों की मस्तीभरी धुनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर ठुमके लगाए। शयन आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया और अगले बरस फिर से मिलने की आकांक्षा के साथ यादव समाज ने रंग पंचमी उत्सव का समापन किया।