गाते-बजाते लगाई गिर्राजजी की 4 किमी लंबी परिक्रमा
दिनारा में गिर्राजधरण होली महोत्सव होली के गानों के साथ मौज-मस्ती कर मनाया गया। बताना होगा कि कस्बे में प्रत्येक माह गिर्राजधरण मंदिर से 4 किमी की परिक्रमा भक्तों द्वारा लगाई जाती है। इस बार भी होली त्योहार के अवसर पर धरण होली महोत्सव में गिर्राज महाराज की परिक्रमा में भक्तों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और परिक्रमा में होली के गानों पर थिरकने के साथ-साथ गुलाल की होली खेलते हुए बैंड बाजों की धुन और भगवान की जयकारों के साथ परिक्रमा पूरी की। परिक्रमा देते हुए श्रद्धालुओं का सतीश फौजी ने होली महोत्सव में शामिल सभी का फूल-गुलाल व रंग की वर्षा कर स्वागत किया।
दिनारा में गिर्राज जी की परिक्रमा लगाते श्रद्धालु।
परिक्रमा में दिखा भाईचारा
होली महोत्सव छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बड़े बूढ़े सहित मातृ शक्ति बड़ी संख्या में शामिल थी। गिर्राज धरण की होली महोत्सव का नजारा देख होली प्रेमी अपने आप को होली महोत्सव में शामिल होने के लिए नहीं रोक सके। कस्बे में डीजे के साथ निकला गिर्राजधरण होली महोत्सव हर किसी के मन को उत्साहित व आनंदित कर गया। साथ ही विभिन्न वर्गों के लोगों ने परिक्रमा में शामिल होकर भाईचारे का संदेश दिया।
श्रद्धालुओं का जगह-जगह किया स्वागत
होली महोत्सव के व्यवस्थापक आलोक यादव ने बताया कि सभी भक्तों ने भारतीय संस्कृति, सभ्यता की परंपरा का निर्वहन करते हुए भाईचारे के साथ होली खेली साथ ही अगले वर्ष गिर्राजधरण के होली महोत्सव को रामलखन दास महाराज व रामदास महाराज के सानिध्य में और भव्यता से मनाने का निर्णय आयोजकों ने लिया है।