मनियर बस्ती में पानी भरने से लाेगाें का निकलना मुश्किल हाे रहा है।
दोनों तरफ अधूरी नालियां बनाकर छोड़ दीं, सड़क का निर्माण नहीं कराया
गोदाम के पास से लेकर लालमाटी रोड को जोड़ने वाली आम रास्ते के लिए नगर पालिका ने नाली का निर्माण कराया है। ठेकेदार ने नालियां तो बना दीं हैं, लेकिन जगह-जगह अधूरा निर्माण छोड़ दिया है। कई जगह तो नाली का ढलान भी ठीक नहीं है। ठेकेदार भी मनमर्जी से पीछे नहीं हटा। वहीं सड़क का निर्माण आज तक नहीं कराया। कच्ची रोड होने की वजह से गड्ढे हो जाते हैं। स्कूल बस व वाहन भी मुश्किल से निकल पाते हैं। लोगों का तो पैदल चलना मुश्किल हो रहा है।
तीन साल पहले नाला पाटा, तभी से परेशानी
मनियर बस्ती में तीन साल से पानी भरने से समस्या आ रही है। जमीन खरीदकर कॉलोनाइजर ने साल 2016 में नाला पाट दिया। तभी से पानी भरना शुरू हो गया और आज तक कोई हल नहीं निकला है। साल 2018 की बरसात में कई घरों में पानी भर जाने पर नगर पालिका ने जेसीबी से खुदाई कराई और दो-दो मोटर रखकर पानी निकाला, तब जाकर लोग घरों तक पहुंच पाए।
अधिकारी कोई समाधान करके नहीं गए

हम कई बार शिकायत कर आए। कुछ दिन पहले एसडीएम व नगर पालिका के अधिकारी आए थे। देखकर चले गए, कोई समाधान नहीं निकलवा रहा है। भरत तिवारी, निवासी मनियर बस्ती
कॉलोनाइजर ने किया पानी निकलने का रास्ता बंद

मनियर बस्ती में पानी निकासी की समस्या आ रही है। एसडीएम भी मौके पर देख आए हैं। कॉलोनी काट रहे व्यक्ति ने पानी निकलने का रास्ता बंद कर दिया है। राजस्व विभाग मामले में कार्रवाई करेगा। गोविंद भार्गव, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर पालिका शिवपुरी
पानी कहां से निकलना है, यह दिखवा रहे हैं

नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी के साथ मनियर बस्ती में जल भराव की स्थिति देखने गए थे। पानी कहां से निकलना है, यह दिखवा रहे हैं। पानी निकासी की व्यवस्था जल्द करा देंगे। मनोज गरवाल, एसडीएम शिवपुरी
सड़क से निकलना मुश्किल हो रहा है

बरसात होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। कीचड़ इतनी है कि पैदल नहीं चल पा रहे। कॉलोनी काट रहा व्यक्ति पानी नहीं निकलने दे रहा है। जिससे हालत बुरी हो गई है। रेखा जाटव, निवासी मनियर बस्ती
पुराने रिकार्ड में नाला व नहर है तो हटवाएंगे

पिछले साल मनियर बस्ती में पानी भर गया था, मुश्किल से पानी निकाल पाए थे। यदि कॉलोनाइजर ने नाले व नहर पर कब्जा किया है और पुराने रिकार्ड में नाला व नहर है तो हर हाल में हटवाएंगे। जनता को परेशान नहीं होने देंगे। मुन्नालाल कुशवाह, नपाध्यक्ष
रिकार्ड़ देखकर कब्जे को हटवाएंगे

पटवारी के यहां शादी है, मामले को सोमवार को दिखवा लेंगे। यदि पुराने रिकार्ड में नाला व नहर है तो कब्जे को हटवाएंगे। पानी निकासी की व्यवस्था करवाएंगे, ताकि लोगों को किसी तरह की समस्या न आए। भूपेंद्र कुशवाह, तहसीलदार शिवपुरी