अबेकस की चित्रकला प्रतियोगिता आज
यूसीमास अबेकस शिवपुरी द्वारा स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। चित्रकला प्रतियोगिता का रविवार 15 मार्च की शाम 4 बजे से पटेल पार्क शिवपुरी में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में 6 से 12 साल तक के बच्चों को क्लीन सिटी, क्लीन इंडिया विषय पर चित्रकला में हिस्सा लेना होगा। यूसीमास अबेकस शिवपुरी की संचालिका रेणु अग्रवाल ने बताया कि यूसीमास अबेकस द्वारा बच्चों की प्रतिभा को जगाने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों के लिए समय समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार 15 मार्च को 6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए पटेल पार्क में शाम 4 बजे से प्रतियोगिता रखी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बच्चों के लिए पंजीयन शुल्क बीस रुपए जमा करना होगा। बच्चों को ड्राइंग शीट संस्था की ओर से दी जाएगी। चित्रकला के लिए बच्चे किसी भी प्रकार के रंगों का प्रयोग कर सकते हैं, जिसकी समस्त सामग्री बच्चों को स्वयं लाना होगी।