- Hindi News
- National
- Pichhor News Mp News Atm Room Stuck Due To Lack Of Power Line Customer Forced To Take Payment Line
बिजली लाइन नहीं हटने से एटीएम कक्ष अटका, भुगतान लेने लाइन में लगने को मजबूर ग्राहक
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शिवपुरी की शाखा पिछोर में एटीएम मशीन लगना है। इसके लिए एटीएम कक्ष का निर्माण बिजली लाइन की वजह से नहीं हो पा रहा है। जहां कक्ष लगना है, ऊपर से बिजली के तार गुजरे हैं। बिजली के तार हटाने के लिए बैंक के अधिकारी बार-बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से कह रहे हैं। बिजली के तार नहीं हटने से कक्ष निर्माण में भी देरी हो रही है। जिससे ग्राहणों को एटीएम सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। एटीएम कार्ड उपलब्ध होने के बाद लोग मशीन चालू होने का इंतजार कर रहे हैं। वर्तमान में लोगों को कैश के लिए अभी भी बैंक जाकर कैश काउंटर की लाइन में लगना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी ने जिले में केसीसी सहित अन्य खातों पर किसानों को एटीएम कार्ड जारी किए हैं। नगद आहरण में आने वाली समस्या दूर करने के लिए संबंधित शाखाओं में एटीएम मशीन लगवाई जा रही है, लेकिन पिछोर में बिजली के तारों की वजह से एटीएम कक्ष निर्माण नहीं हो पा रहा है। ऊपर से गुजरी बिजली की लाइन हटाने के लिए बैंक के अधिकारी और बिजली कंपनी के अधिकारियों के बीच सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है। इससे एटीएम कक्ष निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है। बैंक के अधिकारियों का कहना है कि लाइन हटाने के लिए उनके द्वारा बिजली कंपनी को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन बिजली कंपनी के अधिकारी निर्धारित चार्ज की मांग पर अड़े हैं। ऐसे में बिजली सप्लाई लाइन शिफ्ट नहीं हो पा रही है और एटीएम कक्ष का निर्माण अटका हुआ है।
बिजली कंपनी 5% या सौ फीसदी राशि जमा करने की मांग कर रही
जहां एटीएम कक्ष बनना है, वहां से बिजली की लाइन शिफ्ट करने के लिए बिजली कंपनी 5 % से 100% राशि जमा कराने की मांग कर रही है। बिजली कंपनी के जेई राहुल रंजन का कहना है कि बैंक प्रबंधक को पत्र लिखकर इस बारे में अवगत करा दिया हे। इसके बाद ही बिजली की लाइन शिफ्ट की जा सकेगी।
पिछले साल ही बांटे जा चुके हैं कार्ड, मशीन आई नहीं
जिला सहकारी बैंक से जुड़े उपभोक्ता को एटीएम कार्ड पिछले साल ही बांटे जा चुके हैं। इसमें सबसे अधिक तादाद किसानों की है। किसानों को एटीएम कार्ड से नगद आहरण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एटीएम मशीन लगवाई जा रहीं हैं। लेकिन पिछोर में एटीएम कक्ष नहीं बनने से मशीन स्थापित नहीं हो पा रही और लोगों को आज भी कैश काउंटर की लाइन में लगना पड़ रहा है।
रुद्र पुरोहित, प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा पिछोर