- Hindi News
- National
- Shivpuri News Mp News Both The Lifts Of The District Hospital Are Bad The Patients Of The Structure Have To Climb The Stairs
जिला अस्पताल की दोनों लिफ्ट खराब, फ्रेक्चर के मरीजों को चढ़ना-उतरना पड़ रहीं सीढ़ियां
रैंप के जरिए दो मंजिल तक खींचना पड़ रहा
शिवपुरी जिला अस्पताल की पांच मंजिला नई इमारत में लगी दोनाें लिफ्ट खराब पड़ी हैं। एक लिफ्ट आठ माह से खराब है और दूसरी नाै दिन से। ऐसे में हड्डी रोग और सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों को चढ़ने-उतरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ मरीजों को उनके परिजन गोद में टांगकर सीढ़ियों से लाने को मजबूर हैं तो कुछ मरीजों को स्ट्रेचर पर लिटाकर सीढ़ियों से चढ़ा और उतार रहे हैं।
अस्पताल की 19.97 करोड़ की लागत से बनी पांच मंजिला नई बिल्डिंग पिछले साल मेडिकल कॉलेज को दे दी है। इसी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर हड्डी रोग और दूसरी मंजिल पर सर्जिकल वार्ड बनाया गया है। तीसरी मंजिल पर ऑपरेशन थिएटर है। इमारत की ऊपरी मंजिलों में आने-जाने के लिए सीढ़ियां व रैंप के साथ दो लिफ्ट भी लगाई गईं हैं। पिछले साल लिफ्ट का इस्तेमाल जैसे ही किया, दोनों खराब हो गईं। अस्पताल प्रबंधन ने जैसे तैसे एक लिफ्ट चालू करा ली। लेकिन आठ महीने से खराब पड़ी लिफ्ट की सुध नहीं ली। एक मात्र लिफ्ट 29 फरवरी को खराब हो गई हैं।
कोई मरीज सीढ़ियां उतर रहा तो कोई अटेंडर स्ट्रेचर खींचकर ले गए
{ खनियांधाना निवासी भोगीराम परिहार को सिर और पैर में चोट लगने पर शुक्रवार को दूसरी मंजिल पर स्थित सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया। सीटी स्कैन के लिए सीढ़ियों से नीचे उतरकर आना पड़ा। सीटी स्कैन के बाद वार्ड में सीढ़ियां चढ़कर जाना पड़ा।
{ग्राम राजा की मुढेरी निवासी स्कूली छात्र आकाश (16) पुत्र माखन परिहार हादसे में चोटिल हो गया। ठोढ़ी सहित शरीर में अन्य जगह चोट है। रविवार को ड्रेसिंग के लिए आकाश को सर्जिकल वार्ड से ट्रामा सेंटर तक स्ट्रेचर से ले जाना पड़ा। परिजन स्ट्रेचर से नीचे लाए और सावधानी से ऊपर ले गए।
लिफ्ट में दो महिलाएं, दो बच्चे सहित बुजुर्ग फंसे थे, इसलिए बंद कर दी
लिफ्ट चलाने वाले अस्पताल के कर्मचारी भवानीशंकर का कहना है कि 29 फरवरी को कुछ देर के लिए गया था और जैसे ही लौटा तो लिफ्ट तय स्थान पर नहीं थी। बाद में पता चला कि लिफ्ट में कुछ लोग फंस गए हैं। लिफ्ट को ऊंपर खींचा और अंदर फंसी दो महिलाएं, दो बच्चों और एक बुजुर्ग को बाहर निकाला तभी से लिफ्ट झटके ले रही है। इसलिए उसे बंद कर सिविल सर्जन को सूचा दे दी है।
पहली लिफ्ट आठ माह से खराब, दूसरी नाै दिन से बंद, प्रबंधन काे चिंता नहीं
रैंप के जरिए मरीज को स्ट्रेचर पर लिटाकर दूसरी मंजिल पर ले जाते परिजन।
हम बिल्डिंग दे चुके हैं, सिविल सर्जन ही जवाब दें
सीपी वर्मा, संभागीय परियोजना यंत्री, पीआईयू जिला शिवपुरी
लिफ्ट ठीक कराने के लिए कंपनी से कहा है
डाॅ राजकुमार ऋषिश्वर, आरएमओ, जिला अस्पताल शिवपुरी
एक्स-रे और सीटी स्कैन के लिए मरीजों को मजबूरी में नीचे लाना पड़ता है
पहली मंजिल पर स्थित हड्डी रोग वार्ड में 34 मरीज भर्ती हैं और दूसरी मंजिल के सर्जिकल वार्ड में 49 मरीज भर्ती हैं। ओपीडी, एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन ग्राउंड फ्लोर पर होने से मरीजों को यहां पर लाना पड़ता है। ओपीडी के बाद गंभीर मरीजाें को ऊपर भेजना पड़ता है। ऊपर ले जाने और नीचे लाने में अटेंडरों को मेहनत करना पड़ रही है।