- Hindi News
- National
- Shivpuri News Mp News Food Cluster Not A Single Plot Was Sold In Two Years Half The Price So That Entrepreneurs Take Interest
फूड क्लस्टर: दो साल में एक भी प्लॉट नहीं बिका, दाम आधे किए ताकि उद्यमी रुचि लें
मप्र औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) ग्वालियर ने दो साल पहले शिवपुरी शहर के बड़ौदी में फूड क्लस्टर तैयार किया, लेकिन यहां अब तक एक भी प्लॉट किसी ने नहीं खरीदा। इससे एक भी औद्योगिक इकाई नहीं लग सकी है। प्लाॅट नहीं बिकने का कारण खोजने पर पता चला कि उद्योग विभाग शिवपुरी के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट पर विकास शुल्क 250 रुपए प्रति वर्गमीटर वसूला गया था लेकिन फूड क्लस्टर के प्लॉट पर विकास शुल्क 2500 रुपए प्रति वर्गमीटर है। इस हिसाब से दस गुना से भी ज्यादा महंगे प्लाॅट हाेने पर कोई भी व्यापारी औद्योगिक इकाई लगाने के लिए आगे नहीं आया। अब एमपीआईडीसी ग्वालियर ने रेट रिजवाइज कर आधी कर दी है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार फूड क्लस्टर बड़ौदी साल 2018 में बनकर तैयार हो गया था। यहां बिजली, पानी और सड़क सुविधा के बाद औद्योगिक इकाई लगाने के लिए 56 प्लॉट की बुकिंग शुरू की गई लेकिन शिवपुरी से किसी भी व्यापारी ने बुकिंग नहीं की। दो साल बाद एमपीआईडीसी द्वारा लोगों से बातचीत की और उद्योग विभाग शिवपुरी से जानकारी ली गई।
फूड क्लस्टर में औद्योगिक इकाइयां लगीं तो तीन हजार से अधिक लोगाें को मिलेगा रोजगार
रेट रिवाइज का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है
पुराने औद्योगिक क्षेत्र में विकास शुल्क 250 रुपए प्रति वर्गमीटर लिया गया था। जबकि वर्तमान फूड क्लस्टर में प्लॉट का विकास शुल्क ढाई हजार रुपए से भी ज्यादा है। इसलिए लोग प्लॉट बुकिंग में रुचि नहीं ले रहे हैं। एमपीआईडीसी के अधिकारियों का कहना है कि रेट रिवाइज करके प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद फिर से बुकिंग की जाएगी।
बड़ौदी स्थित फूड क्लस्टर जहां दो साल में एक भी प्लॉट नहीं बिका।
वर्तमान में प्लॉट का 13 लाख से 59 लाख रु. विकास शुल्क
528 वर्गमीटर प्लाॅट की प्रीमियम राशि 1.15 लाख रुपए और विकास शुल्क 12.51 लाख रुपए है। इस तरह कुल कीमत 13.66 लाख रुपए है। प्लॉट बुकिंग की (प्रीमियम रेट से 25%) राशि 28 हजार रुपए है। इसी तरह 2304 वर्गमीटर प्लॉट की प्रीमियम राशि 5.01 लाख और विकास शुल्क 54.61 लाख कुल 59.66 लाख रुपए है। बुकिंग राशि 1.26 लाख रुपए रखी है। विकास शुल्क आधा कर देने से लोगाें को प्लॉट बुकिंग में सुविधा होगी और औद्योगिक इकाई लगा सकेंगे।
आगे क्या : मंत्री परिषद की बैठक में लगना है प्रस्ताव पर अंतिम मोहर
शिवपुरी के फूड क्लस्टर बड़ाैदी का विकास शुल्क 50% कम करके प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंत्री परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव पर अंतिम माेहर लगना है। लेकिन वर्तमान में प्रदेश में चल रही सियासी उठापटक की वजह से प्रस्ताव मंजूर होने में देर लगना तय है। प्रदेश में जिस पार्टी की सरकार स्थिर हो जाएगी, उसके बाद ही फूड क्लस्टर के प्लॉट की रेट कम हो सकेगी।
एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष और दो हजार को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा
फूड क्लस्टर बड़ौदी पर औद्योगिक इकाईयां लगाने के लिए सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां लगने वाली प्रत्येक औद्योगिक इकाई से करीब 20 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। इस तरह 56 इकाईयों में एक हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और दो हजार से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने लगेगा।
विकास शुल्क रेट 50% कम करके प्रस्ताव शासन को भेज दिया है
सुरेश शर्मा, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, एमपीआईडीसी ग्वालियर