- Hindi News
- National
- Shivpuri News Mp News For The First Time The Officers Arrived In The Wards Seeing The Dirt Whether There Has Ever Been Cleanliness Or Not
पहली बार वार्डों में पहुंचे अफसर, गंदगी देख बाेले- यहां कभी सफाई हुई भी है या नहीं...
शहर में लंबे समय बाद साेमवार काे प्रशासनिक अफसर सड़कों पर सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए पहुंचे। सुबह सात से नौ बजे के बीच शहर के वार्डों में पहुंचे अफसरों को हालात चौंकाने वाले मिले। यहां न कचरा गाड़ी पहुंचती है न नालियों की सालों से सफाई हुई। जिस स्ट्रीट लाइट को सुबह छह बजे बुझ जाना चाहिए, वह नाै बजे तक जलती मिली। शहर में 430 सफाईकर्मी हर माह 23.50 लाख रुपए वेतन पा रहे हैं लेकिन सफाई कहीं नहीं दिखती। दरअसल, लंबे समय बाद वार्डों में कलेक्टर अनु्ग्रहा पी, एडीशनल कलेक्टर अारएस बालाेदिया, जिपं सीईओ एचपी वर्मा, एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर का दल मौके पर पहुंचा तो पूरी सफाई व्यवस्था ध्वस्त मिली।
जानिए... अधिकारियों को कहां- क्या मिलीं कमियां
एसडीएम को चोक मिलीं नालियां: एसडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर फिजीकल के वार्ड 2 और 28 में पहुंचे। फिजीकल चौकी पर उन्होंने देखा कि चौकी के पीछे बनी नाली में कचरा जमा है। देखने पर ऐसा लग रहा था कि इसे कभी निकालने की कवायद ही नहीं की गई। उन्होंने नपा सीएमओ से कहा कि यहां की अभी सफाई कराएं और वहां सफाई कर्मियों को बुलाकर नाली की सफाई कराई गई। इसके बाद वह गणेश मंदिर के पास वाली गली में पहुंचे तो वहां ट्यूबवेल के तार भी खुले थे। इस पर एचओ गोविंद भार्गव से कहा कि कोई चपेट में आया तो कौन जिम्मेदार होगा।
फैक्ट फाइल
नपा के शहर में 39 वार्ड
जनसंख्या 2 लाख लगभग
सफाई कर्मचारी 430
वेतन पर कुल खर्च - 23 लाख 50 हजार रुपए
कलेक्टर ने बस स्टैंड पर गंदगी देखी तो कंडम बसों को हटाने को कहा
कलेक्टर अनुग्रहा पी भी नए बस स्टैंड पर गंदगी का मुआयना करने गई। यहां उन्होंने कंडम बसें खड़ी देखीं। इन बसों के नीचे गंदगी जमा थी। इसके बाद उस गंदगी को हटाने के निर्देश नपा सीएमओ को दिए। वह जब पुराने बस स्टैंड पहुंची तो यहां के पार्क को विकसित करने के निर्देश सीएमओ और अधिकारियों को दिए।
कमियों की ठीक कराएंगे
गोविंद भार्गव,स्वास्थ्य अधिकारी नगरपालिका शिवपुरी
गाड़ी नहीं आती इसलिए सड़क पर फेंकते हैं कचरा : एडीएम आरएस बालोदिया सोमवार सुबह 7.30 बजे वार्ड 3 और वार्ड 4 में पहुंचे। दोनों जगह वार्ड में गंदगी मिली। जिस पर वार्ड के लोगों से एडीएम ने पूछा कि क्या यहां कचरा गाड़ी नहीं आती। वार्ड के रामपाल ने बताया कि साहब गाड़ी कभी नहीं आती। आगे की साइड में जब कचरा गाड़ी आती है तो उसका भी टाइम फिक्स नहीं। वह बिना होन े बजाए निकल जाती है। वार्ड वासी कचरा फेंकने का इंतजार करते रहते हैं। इसके बाद वार्ड के लोगों को कचरा गाड़ी में ही कचरा फेंकने की नसीहत एडीएम ने दी। इस दौरान पानी की परेशानी भी बताई।
फिजिकल क्षेत्र में गंदगी देख नगरपालिका एचओ पर नाराजगी व्यक्त करते एसडीएम अतेंद्र सिंह गुर्जर।