94.61 लाख रुपए वसूलने के लिए थमाए नोटिस
15 दिन में जमा नहीं किए तो सरकारी दफ्तरों के काटेंगे कनेक्शन
नगर में स्थित 216 शासकीय विभागों द्वारा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वालों के खिलाफ अब बिजली कंपनी ने सख्त कदम उठाते हुए उन्हें नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस में 15 दिवस में बकाया जमा न करने पर शासकीय विभागों के कनेक्शन काटने व उनकी सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी गई है। इन शासकीय विभागों में पुलिस थाना, नगर परिषद, जनपद पंचायात, पशु विभाग, शासकीय स्कूल सहित अन्य विभाग शामिल हैं। इन पर 94 लाख 61 हजार रुपए से अधिक का बिजली बिल बकाया हैं। गौरतलब यह है कि इन विभागों को बिल जमा करने व जमा नहीं करने पर कनेक्शन कटाने की चेतावनी भरे पत्र चार दिन पहले ही जारी कर दिए हैं। साथ ही बताया है कि पत्र प्राप्ति के 15 दिन में बिल जमा नहीं किया तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
बिजली कंपनी ने इन विभाग प्रमुखों को दिए नोटिस: बिजली कंपनी द्वारा दिए गए नोटिसों में तहसीलदार बदरवास के दो कनेक्शनों की राशि 3 लाख 49 हजार 585 रुपए बकाया है। नगर परिषद सीएमओ के आठ कनेक्शनों का बिल 6 लाख 76 हजार 456 रुपए बकाया है। बीईओ बदरवास 75 हजार 652 रुपए का बिल है। सीईओ जनपद पर 1 लाख 6 हजार 778 रुपए है। वन परिक्षेत्र अधिकारी 48 हजार 828 रुपए, परियोजना अधिकारी 33 हजार 165 रुपए, कृषि विस्तार अधिकारी 1 लाख 36 हजार 883 रुपए बकाया है। थाना प्रभारी 2 लाख 20 हजार 202 रुपए बकाया होने के साथ ही टेलीफोन एक्सचेंज सहित अन्य विभागों पर 94 लाख 61 हजार से अधिक की राशि बकाया है।
काटेंगे कनेक्शन
सत्येंद्र सक्सेना, जेई बदरवास
बिजली काटता कर्मचारी।