- Hindi News
- National
- Shivpuri News Mp News Strictly On Employees Recovery Of Arrears Of Salary
कर्मचारियों पर सख्ती, वेतन से बकाया बिल की वसूली
वसूली का टारगेट पूरा करने के लिए अफसरों ने बिजली कंपनी के बकाएदार कर्मचारियों पर गाज गिराने की तैयारी कर ली है। विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत किसी भी बकाएदार बिजली कर्मचारी के कनेक्शन काटने और वेतन से वसूली करने के आदेश जारी किए गए हैं। कर्मचारी अगर बिल जमा नहीं करता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तक प्रस्तावित की जाएगी।
आगामी 31 मार्च को वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले बिजली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष सिंह ने वसूली पर जोर देना शुरू किया है। इसके तहत आम उपभोक्ताओं के अलावा अब बिजली कंपनी के बकाएदार कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। श्री सिंह ने आदेश जारी किए हैं कि राजस्व वसूली के मामले में यह भी देखा जाए कि बकाएदारों की सूची में कंपनी का कर्मचारी न हो। यदि कर्मचारी भी बकाएदार हैं, तो उनके कनेक्शन से बकाया राशि वसूल की जाए और बिल जमा न करने की स्थिति में उनके कनेक्शन काटे जाएं। इसके अलावा ऐसे बिजली कर्मचारी जो बकाएदार की सूची में शामिल हैं और बिल जमा नहीं कर रहे हैं, तो उनके डीडीओ और संबंधित लेखा अधिकारी के माध्यम से कार्रवाई कराकर उनके वेतन से बकाया राशि की वसूली कर कंपनी के पास जमा कराई जाए। ये आदेश आने के बाद डिवीजन स्तर पर बकाएदार कर्मचारियों की सूची बनाना शुरू कर दिया गया है और जल्द ही इस आदेश पर अमल शुरू कर दिया जाएगा।
ऊर्जा प्रभार की छूट भी होगी बंद
बिजली कंपनी के कर्मचारियों को बिल में लगने वाले ऊर्जा प्रभार में भी छूट प्रदान की जाती है। नए आदेश के मुताबिक बकाएदार कर्मचारियों को इस छूट के लाभ से भी वंचित कर दिया जाएगा। ऐसे में अब बकाएदार कर्मचारी भी अपने बिल जमा करा रहे हैं।
कर्मचारियों से होगी वसूली
मनीष सिंह, एमडी मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी