- Hindi News
- National
- Shivpuri News Mp News With Shutdown 1 For Maintenance People Will Have To Face Trouble
मेंटेनेंस के लिए शटडाउन 1 से, लोगों को झेलनी होगी परेशानी
बिजली कंपनी आने वाली गर्मियों में उपभोक्ताओं को ग्रीष्मकाल एवं मानसून में निरंतर सप्लाई देने के लिए विद्युत इन्फ्रा-स्ट्रक्चर का प्री एवं पोस्ट मानसून रख-रखाव प्रभावी कराने जा रही है। यह रख-रखाव कार्य 1 अप्रैल से 15 जून तक जारी रहेगा। यानी गर्मियों में शट डाउन की वजह से लोगों को परेशानी के दौर से गुजरना होगा। वहीं कंपनी ने कहा है कि प्लांट शटडाउन के दौरान उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी, इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी के एमडी ने निर्देश दिए हैं कि विद्युत इन्फ्रा-स्ट्रक्चर रख-रखाव कार्य के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि जल-प्रदाय में कोई दिक्कत न आए। हाट-बाजार के दिनों में रख-रखाव नहीं किया जाए। शिक्षण संस्थाओं में परीक्षा के दिनों का ध्यान रखा जाए। शटडाउन का प्रचार-प्रसार हाट बाजार में भी किया जाए। अस्पतालों में बिजली आपूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए। कम्पनी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अलग-अलग फीडर पर शटडाउन लेते वक्त यह ध्यान रखा जाए कि यदि एक ही फीडर पर अधिक टीमों से रख-रखाव का कार्य कराया जाएगा, तो शटडाउन की अवधि में कमी आएगी।
सुबह 7 से 11 बजे तक शट डाउन रहेगा : कंपनी ने आने वाले गर्मी के सीजन को देखते हुए सुबह 7 से 11 बजे तक यानी 4 घंटे शटडाउन लेने के लिए कहा है। कंपनी द्वारा शटडाउन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये मैदानी अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए हैं। प्रेस विज्ञप्ति और व्हाट्सएप के माध्यम से प्रचार-प्रसार होगा। साथ ही महाप्रबंधक स्थानीय स्तर पर प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को प्रतिदिन ब्रीफ करेंगे। कंपनी ने रख-रखाव के लिए अंतरविभागीय स्तर पर समन्वय कायम रखने के निर्देश दिए हैं ताकि मेंटीनेंस प्रभावी ढंग से हो सके और मॉनीटरिंग भी की जा सके। मेंटीनेंस के दौरान लाइन कर्मचारियों की सुरक्षा की दृष्टि से केवल अधिकृत कर्मचारी द्वारा ही परमिट लिया जाएगा। संपूर्ण सुरक्षा उपकरणों के साथ सुरक्षा और सावधानियों का भी पालन किया जाएगा।
गुरुद्वारे के पास बिजली कर्मचारी लाइन दुरुस्त करता हुआ।
जिले में वृत्त स्तर पर महाप्रबंधक मॉनीटरिंग करेंगे, छुटिट्यों पर रोक
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ने गर्मी एवं बारिश के दौरान रख-रखाव कार्य की निगरानी के लिए संभाग स्तर पर नोडल अधिकारी और वृत्त स्तर पर मॉनीटरिंग अधिकारी (महाप्रबंधक) नामित किए हैं। संधारण कार्य की निगरानी के लिए नामित अधिकारी रख-रखाव के दौरान अति आवश्यक होने पर ही अवकाश लेंगे। अवकाश अवधि के लिये लिंक ऑफिसर भी नियुक्त कर दिये गये हैं।