4 साल के लंबे अंतराल के बाद पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा शनिवार को बेहद प्रभावी अंदाज में भारतीय जनता पार्टी के किसी सार्वजनिक कार्यकम में शामिल हुए। 70 से अधिक चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ उनके नेतृत्व में मुख्य बाजार से विकास यात्रा निकाली गई। गौरतलब है कि मई 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण यादव के प्रचार और चुनाव परिणाम के कुछ दिनों बाद ही एसटीएफ द्वारा पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा को भोपाल में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इसके बाद पूर्व मंत्री ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद जेल से निकलने के बाद भी उन्होंने भाजपा संगठन के कार्यक्रमों से दूरी बना रखी थी। शनिवार को सुबह 11 बजे नगर के संस्कार गार्डन से भाजपा की विकास यात्रा शुरू होना था। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा जैसे ही यहां पर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने नारे लगाना शुरू कर दिए। संस्कार गार्डन से विकास यात्रा शुरू हुई तो सबसे आगे भाजपा का झंडा लगे हुए पूर्व मंत्री की गाड़ी सबसे आगे थे।
कार्यकर्ता और जनता की मांग पर उन्हें आना पड़ा: तोरणसिंह
जिला पंचायत अध्यक्ष तोरणसिंह दांगी का कहना था कि सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्रा निकाली जा रही है। सिरोंज-लटेरी में विकास यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता ने पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के भी आने का आव्हान किया था।
पार्टी मेरी मां है जनता मेरी भगवान: शर्मा
पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा का कहना था कि पार्टी मेरी मां है और सिरोंज-लटेरी क्षेत्र की जनता मेरी भगवान है। इन्हें जब भी मेरी जरूरत होगी, मैं हमेशा तत्पर रहूंगा। हमें प्रदेश में भाजपा की सरकार एक बार फिर बनाना है।
दिनभर चले पार्टी में वापसी के कयास
श्री शर्मा का काफिला जब मुख्य बाजार में पहुंचा तो कई भाजपा के साथ- साथ कांग्रेस में भी उनकी वापसी के कयासों का दौर शुरू हो गया।