- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News 18 Students Received Copy Slips In Bichhaud School Five Teachers Removed
बिछड़ौद के स्कूल में 18 छात्रों के पास मिली नकल पर्चियां, पांच शिक्षकों को हटाया
बोर्ड परीक्षा के दौरान जिले में नकल का बड़ा मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बिछड़ौद के शासकीय स्कूल में 18 छात्रों के नकल प्रकरण बनाए। जिले में पहली बार एक केंद्र पर इतने अधिक नकल प्रकरण बने हैं। मामले में केंद्राध्यक्ष आैर सहायक केंद्राध्यक्ष तथा तीन शिक्षकों को तत्काल हटा दिया है।
शुक्रवार को 12वीं में इतिहास आैर फिजिक्स विषय की परीक्षा थी। जिला शिक्षा अधिकारी रमा नाहटे यहां अधिकारियों के साथ शासकीय उमावि बिछड़ौद में निरीक्षण करने पहुंची। उन्होंने अधिकारियों को छात्रों की तलाशी लेने के निर्देश दिए। तलाशी लेने पर एक-एक कर 18 छात्रों के पास से नकल पर्चियां मिली। डीईओ नाहटे ने बताया केंद्राध्यक्ष ज्योति समेरिया आैर सहायक केंद्राध्यक्ष सीमा मालवीय को तत्काल हटा दिया है। ज्योति सामेरिया उमावि जैथल में प्राचार्य हैं। वहीं सीमा मालवीय शिक्षक हैं आैर उनके पास उत्कृष्ट उमावि घटि्टया के प्राचार्य का प्रभार है। इनके अलावा परीक्षा में ड्यूटी देने वाले तीन शिक्षकों को भी हटा दिया है। डीईओ ने बताया मामले में आगामी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। इस मामले में निलंबन की कार्रवाई होना तय है।
दो कक्षों में 53 परीक्षार्थी
बिछड़ौद के जिस स्कूल में नकल प्रकरण बनाए, वहां दो कक्षों में विद्यार्थियों को बैठाने की व्यवस्था की थी। शुक्रवार को परीक्षा में कुल 53 विद्यार्थी उपस्थित थे, जिनमें से 18 के पास नकल सामग्री मिली।