- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News Four Lakhs Cheated By Giving Fake Joining Letter Of Job In Health Department Father And Son Arrested
स्वास्थ्य विभाग में नौकरी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर चार लाख ठगे, पिता-पुत्र गिरफ्तार
फ्रीगंज शहीद पार्क के समीप सिद्ध विनायक टावर में दांत का दवाखाना संचालित करने वाले डॉक्टर संजय चौऋषिया से स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पिता-पुत्र ने चार लाख की धोखाधड़ी की। रुपए लेकर डॉक्टर चौऋषिया को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। भोपाल जाने पर धोखाधड़ी का पता चला जिसके बाद फरियादी ने पुलिस से घटना की शिकायत की। माधवनगर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पानदरीबा निवासी संजय के पास बीडीएस की डिग्री है। जिसके पास एक साल पहले तिरूपति एवेन्यू निवासी विजय शर्मा 65 साल इलाज कराने के बहाने आया था। उसने संजय को बताया कि वह राजस्व विभाग में अधिकारी था और वर्तमान में भोपाल में स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग का काम देखता हूं। स्वास्थ्य विभाग के कुछ फर्जी पत्र भी संजय को दिखाए व भरोसे में लेने के बाद शर्मा ने कहा कि तुम्हारी सरकारी नौकरी लगवा सकता हूं लेकिन पैसा खर्च करना पड़ेगा। इसके बाद 26 सितंबर से 25 नवंबर 2019 के दौरान किश्तों में चार लाख रुपए संजय से ले लिए। रुपए लेने के बाद संजय को आरएस श्रीवास्तव सचिव मप्र स्वास्थ्य कल्याण विभाग वल्लभ भवन भोपाल के नाम से नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर दिया। संजय उक्त लेटर को लेकर भोपाल गए तो पता चला कि लेटर पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद संजय ने उज्जैन आकर माधवनगर टीआई राकेश मोदी को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर पिता-पुत्र ठगों को हिरासत में ले लिया। गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने बताया दोनों आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है व पूछताछ की जा रही है।
फरियादी बोला-धमकाया, पुलिस को झूठी शिकायत
फरियादी संजय ने पुलिस को बताया फर्जवाड़े का पता चलने के बाद काफी घबरा गया। विजय शर्मा व उसके बेटे आनंद से रुपए मांगने तिरूपति एवेन्यू स्थित घर पर गया व बात की। दोनों ने धमकाते हुए भगा दिया। इसके बाद पुलिस को मेरे खिलाफ आवेदन यह झूठी शिकायत कर दी कि मैंने रुपए के लिए दोनों को धमकी दी।
ठगी का ही काम करते है पिता-पुत्र, जानकारी जुटाई
जांच अधिकारी एसआई डीएस रावत ने बताया पिता-पुत्र का यही काम है। आसपास के लोगों ने बताया उनके यहां आए दिन ठगी के शिकार लोग पैसा मांगने आते रहते है। यह पता चला है कि विजय शर्मा आगर में भी कुछ लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपए की ठगी कर चुका है। पूछताछ की जा रही है।