कोराेना के चलते पुलिस विभाग की होली निरस्त
गेर वालों से अपील- भीड़ में संक्रमण का खतरा बचाव का ध्यान रखें
कोराेना वायरस के खतरे को देखते हुए पुलिस विभाग इस बार होली नहीं खेलेगा। धुलेंडी के एक दिन बाद पुलिस विभाग द्वारा होली खेली जाती है, जिसे कोरोना के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए निरस्त कर दिया। एसएसपी सचिन अतुलकर ने कहा इस समय एक जगह भीड़ के रूप में इकठ्ठा होने पर संक्रमण का खतरा अधिक है, इसलिए तय किया है कि पुलिस लाइन में हर साल होने वाला रंग-गुलाल का कार्यक्रम नहीं होगा।
पुलिसकर्मी व उसके परिवार भले ही अपने घरों पर होली खेले लेकिन संयुक्त रूप से कोई इस तरह का आयोजन नहीं किया जाएगा, जिससे कि भीड़ के रूप में एक जगह इकठ्ठा हो। सोमवार को होली व रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर के आयोजकों के साथ भी इसी संदर्भ में बैठक की गई। सिंहपुरी, भागसीपुरा, कार्तिक चौक समेत महाकाल मंदिर से गेर निकलेगी। उनसे भी यही कहा गया कि कोरोना को देखते हुए सावधानी बरतें। एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया 35 संगठन बैठक में शामिल हुए। सभी से कहा कि जितना हो सके सूखे गुलाल से होली खेलें। गंदे पानी से ही संक्रमण फैलता है, इसलिए होली में दूषित पानी का उपयोग करने से बचें।
दिव्यांग विवाह में एक जोड़े के साथ अब केवल 10 मेहमान
जहां लाेगाें काे ठहराया जाएगा, वहां डाॅक्टराें की टीम माैजूद रहेंगी
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
काेराेना वायरस के संक्रमण दाैर में 11-12 मार्च काे अायाेजित हाेने वाले दिव्यांगाें के सामूहिक विवाह समाराेह में काफी एहतियात बरतना पड़ रही है। अायाेजन में 121 जाेड़ाें का विवाह हाेना है। पूर्व में तय हुअा था कि प्रत्येक जाेड़ा 80 मेहमान तक साथ में ला सकता है लेकिन अब व्यवस्था में बदलाव किया है। प्रशासन प्रत्येक जाेड़े से केवल 10 मेहमानाें काे लाने का अाग्रह कर रहा है।
इसकी पुष्टि स्वयं अपर कलेक्टर व समाराेह की नाेडल अधिकारी बिदिशा मुखर्जी ने की। हालांकि उन्हाेंने ये भी कहा कि इस संबंध में लिखित में कोई आदेश जारी नहीं किया है लेकिन परिस्थितियाें से संबंधिताें काे अवगत करवा दिया है। जिन हाेटलाें व धर्मशालाअाें में लाेगाें काे ठहराया जा रहा है, वहां डाॅक्टराें की टीमें माैजूद रहेंगी। समाराेह स्थल में प्रवेश से लेकर भीतर भाेजनशाला के गेट पर हैंड सेनिटाइजर्स के काउंटर लगाए जा रहे हैं। सभी के हाथ धुलवाने के पश्चात कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करवाया जाएगा। यानी प्रशासन बहुत ही सावधानी से अायाेजन करवाने जा रहा है। मेघदूत रिसाेर्ट में हाेने वाले इस अायाेजन की विभिन्न व्यवस्थाअाें के लिए कलेक्टर शशांक मिश्र ने अधिकारियाें की ड्यूटी लगा दी है।
अबीर-गुलाल से होली खेलें, संक्रमण से बचें
लोगों को डॉक्टरों ने दी बचाव की सलाह, बोले- एहतियात बरतें
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
शहर के चार वरिष्ठ डाॅक्टराें ने भास्कर के माध्यम से लोगों को सलाह दी है कि वे सूखी होली खेलें, अबीर-गुलाल का उपयोग करें और भीड़ में जाने से बचें। इससे इंफेक्शन का खतरा नहीं रहेगा। पानी का उपयोग न करें। सर्दी-खांसी व बुखार के मरीज के साथ में होली नहीं खेलें और उनसे एक मीटर की दूरी बनाकर रखें। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जूजर हुसैन ने कहा सूखी होली खेलें। सेनेटाइजर या साबुन से हाथ धोएं। खांसी व बुखार के मरीजों से होली नहीं खेलें। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एनके त्रिवेदी बोले लोग होली खेलें पर एहतियात भी बरतें। इंफेक्शन न हो इसका ध्यान रखा जाए। नोडल अधिकारी डॉ. एचपी सोनानिया ने कहा अबीर-गुलाल से होली खेलें। कोरोना वाइरस के संक्रमण का वैसे तो उज्जैन जिले में कोई खतरा नहीं है फिर भी लोग भीड़ में जाने से बचें। ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. ओपी गुप्ता ने कहा सर्दी-खांसी के मरीजों से दूरी बनाकर रखें, उनके साथ में होली खेलने से बचें। सर्दी-खांसी व बुखार के मरीजों के साथ होली नहीं खेलें।
विशेष सेंटर में तीन डॉक्टर वस्टाफ देगा चिकित्सा सेवा
सेंटर में विदेश से आने वालों को 14 दिन तक आब्जर्वेशन में रखेंगे
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
हामूखेड़ी में क्वारिन्टाइन (पृथक्कीकरण) सेंटर शुरू कर दिया है। विदेश से आने वाले यात्रियों को सर्दी-खांसी या बुखार है या उनमें वायरस के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें यहां 14 दिन तक आब्जर्वेशन में रखा जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनुसुईया गवली ने बताया सेन्टर में दो वार्ड है। प्रत्येक वार्ड में 10-10 पलंग लगाए गए हैं। इस प्रकार से पुरूष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग बेड की व्यवस्था की गई है। यहां पर आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है। सेन्टर पर चौबीस घंटे चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ व अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सीएमएचओ डॉ. गवली ने बताया सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक डॉ.अपूर्व शाह, दोपहर 2 से रात 10 बजे तक डॉ.आदित्य रावल तथा रात 10 से सुबह 8 बजे तक डॉ.आदित्यसिंह झाला की डयूटी लगाई गई है। मेल स्टाफ नर्स अहमद रजा, सैयद अब्दुल मजीद, प्रमोद सोनी, सत्येन्द्र कुमार, अनवर हुसैन, जितेन्द्र परिहार, कमल राव, दिलबहादुर, राकेश मालवीय, गणेश मालवीय, रंजीत बैरागी, भेरूलाल तथा दिनेश गौसर को लगाया है।
सावधानी : कोरोना से बचाव के लिए हर आयोजन में भीड़ कम करने की कोशिश, कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षात्मक उपाय भी होंगे