गुलाल से होगा शिप्रा का पूजन कोरोना रोकने के लिए हवन
उज्जैन | रामघाट पर सोमवार को तीर्थ पुरोहितों द्वारा शिप्रा का हर्बल गुलाल से पूजन कर दुग्धाभिषेक करेंगे। शिप्रा-गंगा मंदिर पर कोरोना वायरस के असर को रोकने के लिए जड़ी-बूटियों की औषधियों से हवन होगा।
धर्माधिकारी गौरव उपाध्याय के अनुसार होलिका महोत्सव रामघाट तीर्थ पुरोहित सभा व अभा ब्राह्मण समाज की तीर्थ इकाई रामघाट पर सुबह 10 बजे शिप्रा का दुग्धाभिषेक कर हर्बल रंग-गुलाल से पूजन करेंगे। इसके बाद कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए शिप्रा-गंगा मंदिर में औषधियों से हवन होगा। हवन में वेद मंत्रों से जड़ी-बूटियों वाली औषधियों का उपयोग किया जाएगा।
दुग्धाभिषेक भी करेंगे
श्री क्षेत्र पंडा समिति द्वारा शिप्रा की सोमवार को संध्या आरती में हर्बल रंग-गुलाल अर्पित कर होली की शुरुआत करेगी। अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी ने बताया होली पर्व पर विशेष आरती की जाएगी। इसमें पंडे-पुजारियों के साथ नागरिक भी शामिल होंगे। श्री अवंतिका महाकाल युवा तीर्थ पुरोहित समिति के अध्यक्ष अजय गुरु कुंडावाला ने बताया सोमवार शाम 5 बजे शिप्रा का दुग्धाभिषेक कर 16 सौभाग्य वस्तुएं क्षिप्रा को अर्पित की जाएंगी। शिप्रा की आरती कर रंगों से होली खेली जाएगी।