- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News Network Of Advisory Companies Of Indore In 15 States
इंदौर की एडवाइजरी कंपनियों का नेटवर्क 15 प्रदेशों में, अब तक 101 लोगों से पांच करोड़ ठगने का खुलासा
बीमा का पूरा पैसा दिलवाने के नाम पर फादर से सात लाख अपने खाते में डलवाए
इंदौर | बीमा पॉलिसी का पूरा पैसा दिलाने के नाम पर भंवरकुआं थाने के पास सत्य प्रकाशन संचार केंद्र में रहने वाले 63 वर्षीय फादर से तीन बार ठगी हो गई। बदमाश ने उनसे सात लाख रुपए उनसे अपने खाते में डलवा लिए। 63 वर्षीय फादर लॉरेंस फर्नांडिस की शिकायत पर भंवरकुआं पुलिस ने चार मोबाइल नंबर और एक खाता धारक के खिलाफ केस दर्ज किया है। फादर लॉरेंस ने बताया कि उन्होंने एक कंपनी की दो पॉलिसी खरीदी थी, जिसकी परिपक्वता की डेट पास आ चुकी थी। जनवरी 2017 में उन्हें पहली बार मोहन नेगी नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा- एजेंट को 45 प्रतिशत चला जाता है, लेकिन मैं पूरा पैसा दिलवा दूंगा। इस पर फादर उसके झांसे में आ गए। बदमाश ने प्रोसेसिंग के नाम पर उनसे 1.17 लाख रुपए अपने खाते में डलवा लिए। फिर उसने फोन बंद कर लिया। कुछ समय बाद उन्हें निकेत मंडल नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा- पिछली बार का पैसा तो अटक गया होगा, वह नए तरीके से रुपए डलवा देगा। आप जितना पैसा दोगे, उतना ज्यादा फायदा होगा।
भास्कर संवाददाता| इंदौर. शेयर बाजार में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाली शहर की एडवाइजरी कंपनियों ने 15 राज्यों में नेटवर्क फैला रखा है। इन कंपनियों के खिलाफ 101 पीड़ित सामने आ चुके हैं, जिनसे करीब पांच करोड़ रुपए ठगे गए हैं। शुक्रवार को क्राइम ब्रांच के पास दो सैनिकों ने भी धोखाधड़ी की शिकायत की। बिहार के एक व्यक्ति ने अधिकारियों को कॉल कर कहा कि एडवाइजरी कंपनी के संचालकों ने उसकी सारी जमापूंजी ऐंठ ली। क्राइम ब्रांच एएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि इन सभी एडवाइजरी कंपनियों के संचालकों की तलाश में टीमें लगी हैं। शुक्रवार को अमृतसर के सैनिक संदीप सिंह और न्यू दिल्ली के पहाड़ सिंह ने एक-एक लाख रुपए ठगने की शिकायत की। वहीं, बिहार के अमृत सिंह ने एक्सपर्ट रिसर्च एडवाइजरी कंपनी के खिलाफ 56 हजार रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत की। अमृत सिंह ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करते हुए बताया उसकी जमा पूंजी ही इतनी थी, जिसे आरोपियों ने शेयर में दोगुना करने का बोलकर ठग लिया। अब हालत यह है कि वह सड़क पर आ गया है। उसके पास इंदौर आकर शिकायत करने की भी हिम्मत नहीं है। इसलिए उसने कॉल सेंटर के नंबर पर अपनी पीड़ा जताई है। एएसपी दंडोतिया ने उन्हें किसी से मदद लेकर इंदौर आने को कहा है। यह भी कहा कि मदद कर उसे वापस भेज दिया जाएगा।