पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Ujjain News Mp News Now Madhav College Will Be Able To Study Criminology In Ba Ma

अब माधव कॉलेज में बीए-एमए में पढ़ सकेंगे अपराध शास्त्र

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

विक्रम विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के अंतर्गत अब विद्यार्थी अपराध शास्त्र की पढ़ाई भी कर सकेंगे। देवासगेट स्थित शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में अपराध शास्त्र विषय के दो सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होने के बाद इस विषय को शुरू किया जाएगा। इसका सिलेबस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है आैर शिक्षा सत्र 2020-21 से ही इसकी शुरुआत की जाएगी।

माधव कॉलेज में अपराध शास्त्र विषय की मान्यता थी लेकिन शिक्षक नहीं होने से इस विषय का अध्यापन पिछले पांच दशकों से बंद पड़ा हुआ था। राज्य शासन की ओर से नई नियुक्तियां की जाने के बाद माधव कॉलेज में अपराध शास्त्र विषय के दो सहायक प्राध्यापक आ गए हैं। माधव कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जेएल बरमैया ने बताया राज्य शासन की ओर से अपराध शास्त्र विषय में चंद्रदीप यादव आैर आयुषी सूर्यवंशी की नियुक्ति की गई है। दोनों ने कॉलेज में ज्वाइनिंग भी दे दी है। शिक्षक की व्यवस्था होने से अब इसके सिलेबस को तैयार करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रारंभिक स्तर पर जिन विश्वविद्यालयों में अपराध शास्त्र विषय की पढ़ाई होती है, उन विश्वविद्यालयों के सिलेबस को अंगीकार कर कोर्स शुरू करने की योजना है। सिलेबस की जानकारी जुटाकर जल्द ही विक्रम विश्वविद्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। विश्वविद्यालय स्तर पर सिलेबस को स्वीकृति देने के बाद अपराध शास्त्र में स्नातक आैर स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई सत्र 2020-21 से ही शुरू करवा दी जाएगी। एमए में करीब 50 सीटों पर प्रवेश देने की योजना है। जनभागीदारी समिति और विश्वविद्यालय से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद इसकी फीस व सीटें घोषित करके ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में इस पाठ्यक्रम को शामिल करवाया जाएगा।

कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी डिप्लोमा इन योगा सहित दो नए कोर्स शुरू होंगे

इधर शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी दो नए कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. उल्का यादव ने बताया कॉलेज की ओर से एक वर्षीय डिप्लोमा इन योगा पाठ्यक्रम आैर तीन वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। आगामी जनभागीदारी समिति की बैठक में इन कोर्स को शुरू करने के प्रस्ताव रखे जाएंगे। जनभागीदारी समिति से स्वीकृति मिलने के बाद सत्र 2020-21 से ही इसकी शुरुआत की जाएगी। यह दोनों कोर्स स्व-वित्तीय पाठ्यक्रम के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे। जिससे कॉलेज पर आर्थिक रूप से कोई अतिरिक्त भार नहीं आएगा। इधर शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय आैर शासकीय कालिदास कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आगामी शिक्षा सत्र में कोई भी नए कोर्स शुरू करने की योजना नहीं है।
खबरें और भी हैं...