- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News Pooja Of Khategaon Won The Bronze Medal In The National Wrestling Event The City Players Got Out Of The Second Third Round
राष्ट्रीय कुश्ती स्पर्धा में खातेगांव की पूजा ने जीता कांस्य पदक, शहर के खिलाड़ी दूसरे-तीसरे दौर से बाहर हुए
हिमाचल प्रदेश स्थित छोटी काशी के पुड्डुल मैदान पर हुई राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती स्पर्धा में खातेगांव की पूजा जाट ने चार प्रदेशों की पहलवानों को हराकर कांस्य पदक अर्जित किया है। पांचवी कुश्ती में हरियाणा ए टीम की अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी से सेमीफाइनल मुकाबले में पूजा को हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीतकर पूजा ने आगामी एशियाई कुश्ती स्पर्धा में जगह सुरक्षित कर ली है। पिछले साल भी पूजा एशियाई कुश्ती स्पर्धा में पदक जीत चुकी हैं।
पूजा के अलावा उज्जैन के अक्षय राठौर तीसरे दौर तक पहुंचे। नुपूर प्रजापत, खुशबू नामदेव, शाद मंसूरी पहली कुश्ती जीतकर दूसरे दौर में पराजित होकर चैंपियनशिप से बाहर हो गए। जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष उमेश ठाकुर ने बताया अक्षय ने पहली कुश्ती में पांडिचेरी के एस पांडुरंगा, दूसरी कुश्ती में उत्तरप्रदेश के सूरजीत सिंह को हराया तीसरे दौर में अक्षय सन्नी कुमार दाहिया से हार गए। नुपूर ने पहले दौर में केरला की दिव्या को हराया लेकिन दूसरे दौर में वह हिमाचल प्रदेश की रितिका से हार गई।
राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक, एशियाई का टिकट
राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती स्पर्धा में पदक या चौथे स्थान तक हासिल करने वाले खिलाड़ी को एशियाई कुश्ती स्पर्धा में शामिल होने का अवसर मिलता है। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पहले औपचारिक ट्रायल होती है इसके बाद वे एशियाई कुश्ती स्पर्धा में शामिल हो सकते हैं।
एशियाई कुश्ती में जीती थी पदक
पूजा पिछले साल बैंकॉक में हुई जूनियर एशियाई कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश की एकमात्र खिलाड़ी हैं। इस साल वापस उसने एशियाई स्पर्धा के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। राष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीतकर वह एशियाई कुश्ती स्पर्धा में शामिल होगी।