- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News Same Job Of Father And Son Cheating In The Name Of Getting Job Forgery From 15 People
पिता-पुत्र का एक ही काम, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, 15 लोगाें से जालसाजी
खुद को अधिकारी बता लोगों को झांसे में लेते हैं
फ्रीगंज के बीडीएस डॉक्टर को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी में गिरफ्तार पिता-पुत्र शातिर ठग निकले। दो दिन में 15 लोग और थाने पहुंचे हैं, जिन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें भी सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी की गई। पिता-पुत्र का सिर्फ एक ही धंधा-नौकरी के नाम पर ठगी करना है। माधवनगर के बाद दूसरा केस नानाखेड़ा थाने में दर्ज हुआ।
नानाखेड़ा पर स्टेशनरी की दुकान संचालित करने वाले शाजापुर पुलमनखेड़ी निवासी यशपाल सिसौदिया की रिपोर्ट पर नानाखेड़ी पुलिस ने विजय शर्मा निवासी दमदमा के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज किया। यशपाल ने बताया साल 2017 में विजय शर्मा शाजापुर रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर मिला था। इसी दौरान उससे बातचीत हुई थी। उसने कहा था कि वह उज्जैन में राजस्व अधिकारी है और उज्जैन कलेक्टर कार्यालय में तृतीय श्रेणी कर्मचारी का एक पद खाली है, जिस पर वह नौकरी लगवा सकता है। एक लाख रुपए लेने के बाद शर्मा ने नियुक्ति पत्र दे दिया। जिसे लेकर कलेक्टर कार्यालय गया तो वहां बाबुओं ने बताया कि यह फर्जी है। आरोपी के पकड़े जाने का पता चला तो पुलिस अधिकारियों से मिला व रिपोर्ट की।
हमने कहा- कमिश्नर का बाबू हूं
आगर के मोड़ी के कमल पाटीदार समेत 14 लोग भी माधवनगर थाने पहुंचे व टीआई राकेश मोदी को बताया कि उनके साथ भी पिता-पुत्रों ने ठगी की है। गांव के माता मंदिर में 6-7 महीने पहले विजय शर्मा से मुलाकात हुई थी। उसने बताया था कि वह उज्जैन कमिश्नर का बाबू है और किसी भी विभाग में सरकारी नौकरी लगवा सकता है। गांव के दिलीप, पवन, सुनील, अनिल, रवि, सुशीला व ऋतुबाला समेत मोड़ी के 14 लोगों से एक-एक लाख रुपए ले लिए व सभी को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिए थे। पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।