सपाक्स करेगी आरक्षण की अवधि 2020 के आगे बढ़ाने का विरोध
उज्जैन | सपाक्स पार्टी जातिगत आरक्षण एवं एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में पूरे प्रदेश में जनजागृति यात्रा निकालेगी। इस संबंध में भोपाल में सपाक्स पार्टी की मिशन 2020 की समिति की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यह तय किया कि सपाक्स पार्टी मिशन- 2020 के अंतर्गत आरक्षण की अवधि 2020 के आगे बढ़ाने का विरोध करेगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। पहले चरण में हस्ताक्षर अभियान चलाकर सांसदों व कलेक्टर को ज्ञापन दिए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में प्रत्येक जिले में जिलेवार जनजागृति यात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें आरक्षण में आए दोषों की जानकारी आम जनता को दी जाएगी। विशेषकर जातिगत आरक्षण खत्म करने तथा एक बार के पश्चात दूसरी बार आरक्षण न देने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। 30 सितंबर को भोपाल में जनजागृति यात्रा का महासम्मेलन होगा, जिसमें सभी जिलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके बाद 1 नवंबर से दिल्ली कूच करने की जनजागृति यात्रा होगी।
सेवाधाम में दिया आश्रय
उज्जैन | सेवाधाम आश्रम इंदौर के लकवाग्रस्त मनोरगी राजेश वर्मा को सेवाधाम में आश्रय दिया गया। इस दौरान आश्रम संस्थापक सुधीर भाई गोयल, इंदौर के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता मौजूद थे।