- Hindi News
- National
- Ujjain News Mp News The Rise Of The Miscreants At The Retired Army Personnel The Complainant Ran Away When The Gun Fired Air
सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी के यहां बदमाशों का उत्पात, फरियादी ने बंदूक से हवाई फायर किया तब भागे
नानाखेड़ा के संत कबीर नगर में शनिवार दोपहर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी के घर पर बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। कॉलोनी में होली खेल रहे सैन्यकर्मी के नाबालिग बेटे को कहासुनी में पीट दिया। जब वह रोते हुए घर गया तो पीछे से हथियार लेकर चार-पांच बदमाश पहुंच गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। बचाव में सैन्यकर्मी ने लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया, तब बदमाश भागे।
संत कबीर नगर निवासी शैलेंद्रसिंह डोडिया के यहां आधे घंटे तक बदमाश उत्पात मचाते रहे। बदमाशों ने लोहे की जाली का दरवाजा व गमले तोड़ दिए। आंगन में रखी साइकिलें उठाकर सड़क व कार पर फेंक दी। इस दौरान कॉलोनी में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। कॉलोनी के महिला-पुरुष समझाने पहुंचे
तो बदमाश उन पर भी चाकू लेकर दौड़े, जिसके बाद शैलेंद्रसिंह ने बंदूक से हवाई फायर किया।
सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने बताया शैलेंद्रसिंह की रिपोर्ट पर पुष्पेंद्र उर्फ संतोष ठाकुर,तनिष्क समेत पांच हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। फरार पुष्पेंद्र का आपराधिक रिकाॅर्ड भी है।
मेरी बच्चियां घर के बाहर थी, फायर नहीं करता तो उन्हें चाकू मार देते
शैलेंद्र सिंह ने बताया बेटा पड़ोस में होली खेलने गया था व कुछ लड़कों ने कहासुनी में उसे पीटा। इसके बाद बदमाश घर पर आ गए। बच्चियां घर के बाहर होली खेल रही थीं। बदमाशों ने आंगन में रखी साइकिलें उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दी। गमले उठाकर फेंकने लगे। चाकू से दरवाजे की जाली काटकर उसे तोड़ दिया। बच्चियों पर भी चाकू लेकर दौड़े इसलिए मैंने बचाव में हवाई फायर किया तो वे भागे वरना किसी को भी मार देते। उनके हाथ में चाकू, गुप्ती थी।
घर का टूटा दरवाजा व गमले दिखाते फरियादी शैलेंद्रसिंह। फुटेज में वारदात करते बदमाश।